Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

Beauty Treatment: 75 की उम्र में जवां दिखने का जुनून, ब्यूटी ट्रीटमेंट पर खर्च किए 4 करोड़ रुपए

September 15, 2026

Beauty Treatment: 75 की उम्र में जवां दिखने का जुनून, ब्यूटी ट्रीटमेंट पर खर्च किए 4 करोड़ रुपए

75 Year Old Woman Beauty Treatment: चीन की 75 साल की एक बुजुर्ग महिला से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महिला ने अपनी जिंदगीभर की जमा-पूंजी, करीब 4 करोड़ रुपए, ब्यूटी ट्रीटमेंट और सैलून की सेवाओं पर खर्च कर दी। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो बेटी के होश उड़ गए।

शंघाई की रहने वाली इस महिला को साल 2016 से एक स्थानीय ब्यूटी सैलून और मेडिकल ब्यूटी क्लिनिक जाने की आदत लग गई थी। वह अपनी त्वचा को टाइट रखने के लिए थ्रेड लिफ्टिंग, मसाज और दूसरी कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं करवाती थीं। धीरे-धीरे इन ट्रीटमेंट पर उनका खर्च इतना बढ़ गया कि उनकी पूरी रिटायरमेंट सेविंग्स खत्म हो गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला की बेटी ने घर में रखे बिल और ट्रीटमेंट से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कागजात देखने के बाद उसे पता चला कि उसकी मां ने ब्यूटी ट्रीटमेंट पर करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। इसके बाद बेटी ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू की।

ये भी पढे़ं :https://dainiksaveratimes.com/ajab-gajab/robot-dance-marathi-song-viral-video/

जांच में यह भी सामने आया कि सैलून ने महिला से कई सेवाओं के लिए सामान्य बाजार कीमत से कई गुना अधिक रकम वसूली। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ सेवाओं के लिए बाजार भाव से 10 से 20 गुना तक ज्यादा पैसे लिए गए। एक लिप टैटू सेशन के लिए महिला से 39,800 युआन यानी करीब 5.7 लाख रुपए तक वसूले गए।

इसके अलावा आइब्रो टैटू और कई अन्य ब्यूटी थेरेपी के नाम पर भी महिला से बड़ी रकम ली गई। बेटी ने इस मामले को लेकर शंघाई के एक टीवी शो से मदद मांगी, जिसके बाद मामला सामने आया और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।

इस घटना ने बुजुर्ग ग्राहकों के साथ होने वाली संभावित धोखाधड़ी और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि उम्रदराज ग्राहकों को महंगे और गैरजरूरी ब्यूटी ट्रीटमेंट बेचने से रोकने के लिए बेहतर निगरानी और मजबूत उपभोक्ता सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें