Site icon Dainik Savera Times

बॉस हो तो ऐसा…कर्मचारियों को दे डाली लाखों की BMW, हर तरफ हो रही चर्चा

Viral News: कहते हैं कि एक अच्छा बॉस वही होता है, जो अपने कर्मचारियों की मेहनत के साथ-साथ उनकी परेशानियों को भी समझे। चीन की एक रेस्टोरेंट मालकिन ने इसी बात की मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने दो कर्मचारियों को लाखों रुपये की BMW कारें तोहफे में दीं। इनमें से एक कर्मचारी को कार देने के पीछे की वजह जानकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

दो कर्मचारियों को दिया महंगा तोहफा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन के हेनान प्रांत के जियाओज़ुओ शहर में रेस्टोरेंट चलाने वाली मा यानली ने 24 सितंबर को अपनी दो महिला कर्मचारियों को नई BMW कारें गिफ्ट कीं। बताया जा रहा है कि प्रत्येक कार की कीमत करीब 3 लाख चीनी युआन यानी लगभग 43 लाख रुपये थी।

ठंड में कर्मचारी की हालत देखकर लिया फैसला

मा यानली के रेस्टोरेंट में ली जी पिछले करीब आठ साल से काम कर रही हैं। वह रोजाना इलेक्ट्रिक स्कूटर से अपने काम पर आती थीं। पिछली सर्दियों में एक दिन जब वह रेस्टोरेंट पहुंचीं, तो ठंड के कारण उनका चेहरा लाल और कान बैंगनी पड़ गए थे। उनके हाथ भी ठंड से अकड़ रहे थे। अपनी कर्मचारी की यह हालत देखकर मा यानली को महसूस हुआ कि जहां वह कार में आराम से सफर करती हैं, वहीं उनकी कर्मचारी को रोजाना कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ता है। इसके बाद उन्होंने ली जी को कार देने का फैसला किया।

BMW शोरूम पहुंचकर हैरान रह गई कर्मचारी

मा यानली ने ली जी को अपने इस फैसले की भनक तक नहीं लगने दी। वह उन्हें BMW के शोरूम लेकर पहुंचीं और रास्ते में कहा कि उन्हें एक बड़ा खिलौना मिलने वाला है। लेकिन शोरूम पहुंचने पर ली जी को पता चला कि यह उनके लिए खरीदी गई नई सफेद BMW है। कार ली जी के नाम पर रजिस्टर कराई गई थी और इसके लिए उन्हें कोई पैसा भी नहीं देना पड़ा। इस सरप्राइज को देखकर वह हैरान रह गईं।

दूसरी कर्मचारी को भी मिली BMW

मा यानली ने अपनी दूसरी कर्मचारी लियू यिंगयिंग को भी ग्रे रंग की BMW गिफ्ट की। दोनों कारों की कुल कीमत करीब 6 लाख चीनी युआन यानी लगभग 86 लाख रुपये बताई गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मालकिन ने कर्मचारियों को कार सौंपने से करीब दो सप्ताह पहले ही पूरा भुगतान कर दिया था।

कर्मचारियों की मेहनत को मानती हैं अहम

करीब 20 वर्षों से कैटरिंग कारोबार से जुड़ी मा यानली का मानना है कि किसी भी कारोबार की सफलता में सिर्फ मालिक ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों की मेहनत का भी बड़ा योगदान होता है। उनका यह कदम दिखाता है कि कर्मचारियों की जरूरतों को समझना और उनके काम की कद्र करना कितना मायने रखता है। यही वजह है कि यह कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है और सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है।

Exit mobile version