Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Budget 2026 Memes: बजट समझने से पहले ही बन गए मीम्स, मिडिल क्लास बोले-“हर साल वही कहानी!”

February 1, 2026

Budget 2026 Memes: बजट समझने से पहले ही बन गए मीम्स, मिडिल क्लास बोले-“हर साल वही कहानी!”

Budget 2026 Memes: केंद्रीय बजट 2026 एक बार फिर 1 फरवरी को पेश किया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के साथ ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। जैसे ही मिडिल क्लास ने बजट की बारीकियों को समझने की कोशिश की, वैसे ही ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर मज़ेदार रिएक्शन्स ट्रेंड करने लगे।

असल में यह कोई नई बात नहीं है। पिछले कई सालों से बजट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का पहला रिएक्शन मीम्स के रूप में ही सामने आता है। अगर बजट में राहत दिखे तो तारीफों के मीम्स, और अगर उम्मीदों पर पानी फिर जाए तो व्यंग्य का तड़का तय माना जाता है।

मिडिल क्लास का कन्फ्यूजन बना मीम्स का मुद्दा

इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। कई मिडिल क्लास लोगों को बजट से सीधे तौर पर कोई खास फायदा समझ नहीं आया। इसी उलझन को मीमर्स ने मज़ाकिया अंदाज़ में पेश किया। किसी ने फिल्मी डायलॉग जोड़े, तो किसी ने सुपरहिट फिल्मों के सीन उठाकर मिडिल क्लास की ‘भावनाओं’ को बयां किया।

 

सिगरेट पर 40% टैक्स ने छीनी स्मोकर्स की नींद

बजट 2026 का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला फैसला तंबाकू उत्पादों पर 40 फीसदी टैक्स रहा। सिगरेट, पान मसाला और गुटखा जैसे प्रोडक्ट्स महंगे होने की खबर सुनते ही स्मोकर्स का मूड खराब हो गया। सोशल मीडिया पर ऐसे मीम्स वायरल हुए, जिनमें सिगरेट पीने वालों को रोते, पछताते और “अब क्या करें?” कहते दिखाया गया।

एक मीम में तो दोस्तों को सलाह देते हुए लिखा गया-“सिगरेट छोड़ो, चाय पियो और दिमाग शांत रखो।”

फिल्मों के सीन बने मिडिल क्लास की आवाज

किसी मीम में ‘बाहुबली’ के सीन के जरिए संसद में बैठे मिडिल क्लास का रिएक्शन दिखाया गया, तो कहीं ‘हंगामा’ फिल्म के सीन से यह जताया गया कि हर बार बजट में राहत की उम्मीद की जाती है, लेकिन हाथ अक्सर खाली ही रह जाते हैं।

निवेशकों का दर्द भी आया सामने

बजट भाषण से पहले खुश नजर आने वाले निवेशकों को, भाषण के बाद मायूस दिखाया गया। शेयर मार्केट, सोना और चांदी में नुकसान झेल चुके लोगों ने भी मीम्स के जरिए अपना दर्द साझा किया। एक यूजर ने लिखा-
“शेयर, सिल्वर और गोल्ड… सब में लॉस के बाद मैं।”

हंसी के पीछे छुपी चिंता

हालांकि ये मीम्स हंसी जरूर दिला रहे हैं, लेकिन इनके पीछे मिडिल क्लास की चिंता और निराशा भी साफ नजर आती है। वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय है कि तंबाकू पर टैक्स बढ़ाना सेहत के लिहाज से सही कदम है, क्योंकि धूम्रपान गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें