देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां, आरोप है कि कुछ मोमोज बेचने वाले युवकों ने एक नाबालिग बच्चे को लालच देकर उसके घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने हड़प लिए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। यह मामला देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार भगवानपुर तिवारी गांव का रहने वाला है। बच्चे के पिता विमलेश मिश्रा वाराणसी के एक मंदिर में पुजारी हैं। उनका बेटा देवरिया स्थित घर में रहकर सातवीं कक्षा में पढ़ाई करता है।
मोमोज के लालच में फंसा बच्चा
परिवार का आरोप है कि डुमरी चौराहे पर मोमोज की दुकान लगाने वाले कुछ युवक बच्चे को अपने जाल में फंसा रहे थे। बताया जा रहा है कि बच्चे को मोमोज खाने की आदत थी। इसी आदत का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे बार-बार मोमोज खिलाए और उससे दोस्ती कर ली। धीरे-धीरे उन्होंने बच्चे को बहलाना-फुसलाना शुरू कर दिया।
घर से गहने निकालकर दे दिए
आरोप है कि युवकों के कहने पर बच्चा घर की अलमारी से गहने निकालकर उन्हें देता रहा। पिता विमलेश मिश्रा के अनुसार, चोरी हुए गहनों में सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 80 से 85 लाख रुपये आंकी जा रही है। ये गहने उनके और उनकी बहन के थे, जिन्हें सुरक्षित रखकर अलमारी में रखा गया था।
ऐसे खुला पूरा मामला
घटना का पता तब चला जब रविवार को उनकी बहन ने अपने गहने मांगे। जब अलमारी खोली गई तो गहने गायब थे। घरवालों के होश उड़ गए। जब बेटे से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर बताया कि उसने मोमोज खिलाने वाले युवकों को गहने दिए थे।
तीन युवकों पर शक
परिवार का आरोप है कि इस घटना में तीन युवक शामिल हैं। उनका कहना है कि इन लोगों ने बच्चे की मासूमियत और नासमझी का फायदा उठाया।
सदमे में परिवार
इतनी बड़ी कीमत के गहने गायब होने से परिवार गहरे सदमे में है और आर्थिक रूप से भी परेशान है। पीड़ित पिता ने रामपुर कारखाना थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। बच्चे से भी पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध युवकों की पहचान करने की कोशिश हो रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई पूरी तरह सामने आएगी।