Site icon Dainik Savera Times

सूखे से परेशान किसानों ने निभाई अनोखी परम्परा… गधे-गधी का कराया विवाह, पूरे गांव में निकाली बारात

Marriage male female donkey

सोलापुरः देश-दुनिया भर से अजीबो-गरीब खबर सामने आती रहती है। इसी बीच एक महाराष्ट्र के सोलापुर से एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां, जिले में लगातार दो सीजन से पड़े सूखे और कमजोर बारिश से परेशान किसानों ने अच्छी वर्षा की कामना के लिए एक अनोखी परंपरा निभाई। जिले के पापरी गांव में ग्रामीणों ने एक नर और एक मादा गधे का पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कराया।

इस अनोखे आयोजन में सिर्फ शादी ही नहीं, बल्कि बाकायदा बारात भी निकाली गई। ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और शादी की सभी रस्में निभाईं। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी जुटे, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल रहा।

ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह की पारंपरिक रस्म निभाने से वरुण देव प्रसन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है। उनका विश्वास है कि पर्याप्त वर्षा होने से सूखे की समस्या दूर होगी और किसानों की फसलें बेहतर होंगी।

यह अनोखा आयोजन अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, इस परंपरा के पीछे कोई वैज्ञानिक आधार नहीं माना जाता, लेकिन स्थानीय लोग इसे अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था से जोड़कर देखते हैं।

Exit mobile version