Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

कानपुरः पति की हो रही थी दूसरी शादी, गेस्ट हाउस पहुंची पहली पत्नी ने जमकर किया हंगामा, वीडियो वायरल

July 27, 2026

कानपुरः पति की हो रही थी दूसरी शादी, गेस्ट हाउस पहुंची पहली पत्नी ने जमकर किया हंगामा, वीडियो वायरल

Viral News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां, चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात उस समय हंगामा हो गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी अचानक वहां पहुंच गई। महिला ने सभी लोगों के सामने खुद को दूल्हे की कानूनी पत्नी बताया और दूसरी शादी का विरोध करने लगी। इसके बाद शादी की सभी रस्में रोक दी गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और दूल्हे को हिरासत में लेकर दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी ले गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

साल 2022 में हुई थी शादी
महिला ने पुलिस को बताया कि वह कानपुर के चमनगंज इलाके की रहने वाली है। उसकी शादी साल 2022 में जूही लाल कॉलोनी निवासी एक इंटीरियर कारोबारी से हुई थी। हालांकि, उसकी विदाई साल 2024 में हुई थी।

महिला के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच कानूनी लड़ाई शुरू हो गई, जो अभी भी कोर्ट में चल रही है। महिला का आरोप है कि कोर्ट में मामला लंबित होने और तलाक न होने के बावजूद उसके पति ने दूसरी शादी करने का फैसला कर लिया।

पड़ोसी ने दी दूसरी शादी की सूचना
महिला ने बताया कि उसे अपने पति की दूसरी शादी के बारे में उसके एक पड़ोसी ने फोन करके जानकारी दी। यह खबर सुनते ही उसने अपने पति, ससुर और अन्य रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उसका फोन नहीं उठाया।

इसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे उस मैरिज लॉन पहुंच गई, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। वहां पहुंचते ही उसने शादी का विरोध शुरू कर दिया, जिससे पूरे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा और शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं।

महिला ने लगाए गंभीर आरोप
महिला का कहना है कि उसके और उसके पति के बीच अब भी बातचीत होती है। उसने दावा किया कि उसका पति रोजाना उससे व्हाट्सएप पर चैट करता है और महीने में कई बार उससे मिलने भी आता है।

महिला का कहना है कि जब उनके रिश्ते को लेकर अभी तक कानूनी फैसला नहीं हुआ है और दोनों के बीच संपर्क भी बना हुआ है, तब पति का दूसरी शादी करना पूरी तरह गलत है। इसलिए उसने शादी रुकवाने का फैसला किया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद चकेरी थाना पुलिस तुरंत मैरिज लॉन पहुंची और माहौल को शांत कराया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पहली पत्नी दुल्हन के पास जाकर कहती हुई दिखाई देती है, “क्या आपको पता है कि मैं इनकी पहली पत्नी हूं। हमारा अभी तलाक नहीं हुआ है। हमने लव मैरिज की थी और हम इन्हें दूसरी शादी नहीं करने देंगे।

इसके बाद वहां मौजूद एक दूसरी महिला उसे वहां से हटाने की कोशिश करती है। इस दौरान शादी में मौजूद मेहमान भी हैरान रह जाते हैं। फिलहाल यह मामला पूरे कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस इसकी जांच में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें