Site icon Dainik Savera Times

Gorakhpur Case: तीन शादियों के बाद भी नहीं थमी जिद, अब शादीशुदा प्रेमी संग रहने पर अड़ी दुल्हन

Gorakhpur Case

Gorakhpur Case

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दो अलग-अलग हैरान करने वाले मामले सामने आए हैं। पीपीगंज थाना क्षेत्र में तीन शादियां कर चुकी 30 वर्षीय महिला अपने चौथे प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। खास बात यह है कि महिला का चौथा प्रेमी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं, गुलरिहा क्षेत्र में शादी के दबाव से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।

पीपीगंज नगर के एक वार्ड की रहने वाली महिला के पहले पति की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी की, लेकिन कुछ समय बाद उसके दूसरे पति की भी मौत हो गई। फिर महिला ने संतकबीरनगर जिले में तीसरी शादी की। शादी के करीब चार महीने बाद वह मायके आई और ससुराल जाने की बात कहकर लापता हो गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और करीब छह महीने बाद महिला को उसके चौथे प्रेमी के साथ बरामद कर थाने पहुंचाया।

ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/ajab-gajab/wildlife-rescue-injured-leopard-attacks-forest-officer/

महिला का चौथा प्रेमी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद उसकी पत्नी बच्चों और परिवार के साथ थाने पहुंची। वहां महिला की पत्नी से अपने पति को छोड़ने की गुहार लगाती रही और बच्चों का हवाला देकर भावुक होती नजर आई। हालांकि, महिला और उसका शादीशुदा प्रेमी दोनों एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। वहीं, महिला का तीसरा पति भी उसे दोबारा अपनाने के लिए तैयार नहीं हुआ।

पीपीगंज चौकी इंचार्ज आदित्य सिंह के मुताबिक, महिला अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और उसी के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाने में काफी देर तक चले इस पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा बनी रही।

इसी बीच गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में भी शादी से जुड़ा एक अलग मामला सामने आया। गुरुवार शाम शादी का लगातार दबाव बनाए जाने से नाराज एक युवक गांव के पास लगे ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर से नीचे कूदकर जान देने की धमकी दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। गुलरिहा पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं ने गोरखपुर में शादी और रिश्तों से जुड़े अलग-अलग विवादों को लेकर लोगों का ध्यान खींचा है।

Exit mobile version