Site icon Dainik Savera Times

सेल्फी लेने से भड़क गया दूल्हा, दुल्हन को मारी लात.. ससुर से भी की हाथापाई, मचा बवाल

barabnki news

Viral News: बाराबंकी जिले के रामनगर इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शादी समारोह के दौरान छोटी सी बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। जयमाला के समय दुल्हन के साथ सेल्फी लेने को लेकर दूल्हा इतना गुस्सा हो गया कि उसने स्टेज पर ही दुल्हन को लात मार दी और अपने होने वाले ससुर के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर झगड़ा हुआ।

धूमधाम से पहुंची थी बारात
जानकारी के अनुसार, गणेशपुर गांव के रहने वाले शत्रुघ्न, जो पेशे से मूर्तिकार हैं, ने अपनी बेटी निशा की शादी बहराइच जिले के मुराइनपुरवा निवासी विशाल से तय की थी। शुक्रवार रात बारात पूरे धूमधाम से पहुंची। द्वार पूजा और अन्य रस्में शांति से पूरी हो गईं। इसके बाद जयमाला की तैयारी शुरू हुई।

जयमाला के समय स्टेज पर बढ़ी भीड़
जयमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे तो रिश्तेदार और दोस्त फोटो और सेल्फी लेने के लिए स्टेज पर चढ़ने लगे। देखते ही देखते स्टेज पर भीड़ लग गई। इसी दौरान वहां आतिशबाजी भी होने लगी, जिससे धुआं फैल गया। बताया जा रहा है कि दूल्हा विशाल बार-बार अपना चेहरा पोंछ रहा था और लोगों को पीछे हटने के लिए कह रहा था। वह कई बार लोगों को सेल्फी लेने से मना कर चुका था, लेकिन भीड़ कम नहीं हुई।

गुस्से में दूल्हे ने की मारपीट
भीड़ और अफरातफरी से परेशान होकर दूल्हा अपना आपा खो बैठा। उसने गुस्से में स्टेज पर ही दुल्हन को लात मार दी। इतना ही नहीं, जब दुल्हन के पिता ने इसका विरोध किया तो दूल्हे ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं। शादी का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। अफरातफरी में कई कुर्सियां टूट गईं और करीब पांच लोग घायल हो गए।

दुल्हन ने पहले शादी से किया इंकार
दूल्हे की इस हरकत से दुल्हन काफी आहत हुई और उसने शादी करने से मना कर दिया। लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था। हालांकि, बाद में दोनों परिवारों के बीच लंबी बातचीत हुई।

समझौते के बाद पूरी हुई शादी
देर रात दोनों पक्षों में समझौता हो गया। नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया गया और मान-मनौव्वल के बाद बाकी शादी की रस्में पूरी कराई गईं। आखिर में दुल्हन की विदाई भी हो गई।

पुलिस का आया बयान
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) गरिमा पंत ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है और किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version