BPSC Teacher Gunjan Kumari News: उत्तर प्रदेश की पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य जैसा ही मामला बिहार से समाने आया है। जहां, वैशाली जिले में एक पति ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी पत्नी को पढ़ाने और नौकरी दिलाने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी, लेकिन जब पत्नी बीपीएससी शिक्षिका बन गई तो उसने उसे और अपने 10 साल के बेटे को छोड़ दिया। ये मामला हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार को स्कूल के बाहर काफी हंगामा भी हुआ।
पत्नी की पढ़ाई के लिए बेच दी जमीन
अमन कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करके परिवार चलाते थे। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने पत्नी की पढ़ाई नहीं रुकने दी। उनका आरोप है कि साल 2022 में उन्होंने अपनी पैतृक जमीन में हिस्से की करीब डेढ़ कट्ठा जमीन बेच दी ताकि पत्नी की पढ़ाई और तैयारी का खर्च उठाया जा सके। इसके बाद गुंजन कुमारी ने ग्रेजुएशन, बीएड और बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी की। बाद में बीपीएससी TRE-02 परीक्षा में उनका चयन 6 से 8वीं कक्षा की शिक्षिका के रूप में हो गया।
ट्रेनिंग के दौरान बढ़ीं नजदीकियां
अमन कुमार का आरोप है कि शिक्षिका बनने के बाद उनकी पत्नी का व्यवहार बदलने लगा। उन्होंने दावा किया कि ट्रेनिंग के दौरान उनकी पत्नी की नजदीकियां उसके कॉलेज के पुराने दोस्त प्रेम प्रकाश जयवाल से बढ़ गईं।
अमन के मुताबिक, पत्नी की ट्रेनिंग सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में हुई थी। इसी दौरान दोनों चोरी-छिपे मिलते थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि “प्रेम प्रकाश अंकल” कई बार घर आते थे और कई दिनों तक वहीं रुकते थे।
दार्जिलिंग घूमने के बहाने जाने का आरोप
पति ने आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में उनकी पत्नी ने दार्जिलिंग घूमने जाने की बात कही और बेटे को उनके पास छोड़ दिया। बाद में उन्हें पता चला कि बाकी शिक्षिकाएं दार्जिलिंग गई ही नहीं थीं। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ गई थी।
साल 2013 में हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक बिदुपुर थाना क्षेत्र के माइल पंचायत वार्ड नंबर 13 निवासी 46 वर्षीय अमन कुमार की शादी साल 2013 में हाजीपुर के लोदीपुर गांव निवासी गुंजन कुमारी से हुई थी। शादी के बाद दोनों का एक बेटा हुआ, जिसकी उम्र अब करीब 10 साल बताई जा रही है।
अमन कुमार का कहना है कि शादी के समय उनकी पत्नी सिर्फ इंटरमीडिएट पास थीं, लेकिन वह आगे पढ़ाई कर शिक्षिका बनना चाहती थीं। परिवार की आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी, फिर भी उन्होंने पत्नी का हर कदम पर साथ दिया।
किराए के मकान में पहुंचने पर हुआ विवाद
अमन कुमार का कहना है कि पिछले करीब एक साल से उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी ने उन पर झूठे केस भी दर्ज कराए हैं। अमन के अनुसार, उनकी पत्नी हाजीपुर के लिच्छवि नगर इलाके में किराए के मकान में रहती थी। उन्हें जानकारी मिली थी कि वहां प्रेम प्रकाश का लगातार आना-जाना होता है।
पति का आरोप है कि 23 मई को जब वह मकान पर पहुंचे तो उन्होंने पत्नी और प्रेम प्रकाश को आपत्तिजनक हालत में देखा। इसके बाद उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले जुट गए लोग
अमन कुमार ने बताया कि पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। इस दौरान आसपास के लोग और मकान मालिक भी मौके पर पहुंच गए। बाद में दरवाजा खुलवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पति का दावा है कि उनके पास इस पूरे मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी मौजूद हैं।
हाजीपुर में एक BPSC शिक्षिका का मामला चर्चा में है। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की पढ़ाई और करियर बनाने के लिए जमीन तक बेच दी, लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने पति और परिवार से दूरी बना ली।
बताया जा रहा है कि बाद में वह अपने कॉलेज के पुराने प्रेमी के साथ रहने लगी..
सबसे बड़ी… pic.twitter.com/xuuiMyBJ57— Lokesh meena (@imlokesh_meena) May 29, 2026
बेटे ने भी मां पर लगाए आरोप
इस पूरे मामले में दंपति के 10 साल के बेटे आयुष आर्य ने भी अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्चे का कहना है कि उसकी मां उसे एक व्यक्ति को “मामा” कहने के लिए मजबूर करती थी। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती थी। बेटे ने यह भी कहा कि वह अब अपनी मां के साथ नहीं रहना चाहता और अपने पिता के साथ रहना चाहता है।
फिलहाल आरोपों पर आधारित है मामला
फिलहाल यह पूरा मामला पति और बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की तरफ से मामले की जांच की जा रही है। दूसरी ओर इलाके में इस घटना को लेकर काफी चर्चा हो रही है।

