अजब-गजब: दुनिया में कई देश अपनी संस्कृति, इतिहास और खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कुछ देश ऐसे भी हैं, जिनके अनोखे कानून उन्हें खास पहचान देते हैं। ऐसा ही एक देश तुर्कमेनिस्तान है, जहां कार खरीदने से पहले लोग उसका रंग भी सोच-समझकर चुनते हैं। यहां काला, लाल या नीला नहीं सिर्फ सफेद रंग की कारें सड़क पर चल सकती हैं।
तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात को दुनिया में व्हाइट मार्बल सिटी कहा जाता है। इसकी वजह है यहां की इमारतें, सरकारी ऑफिस, सार्वजनिक स्थल और फुटपाथ तक सब कुछ सफेद संगमरमर से बना हुआ है। सूरज की रोशनी इन चमकदार पत्थरों पर पड़ते ही पूरा शहर सफेद रोशनी से दमक उठता है। दिन हो या रात, शहर हमेशा उजला दिखाई देता है। यही कारण है कि इसे दुनिया के सबसे चमकदार और अनोखे शहरों में गिना जाता है।
ये भी पढ़ें: खूबसूरत चेहरा, मशीन गन जैसे होंठ… चर्चा में है डोनाल्ड ट्रंप का प्रेस सेक्रेटरी को लेकर दिया बयान
गिनीज बुक में दर्ज अनोखा रिकॉर्ड
अश्गाबात सिर्फ खूबसूरत ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे महंगे शहरों में भी शामिल है। यहां बड़ी मात्रा में इस्तेमाल हुए सफेद संगमरमर ने इसका चेहरा पूरी तरह बदल दिया है। इसके कारण शहर को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी जगह मिली है, क्योंकि दुनिया में किसी भी एक शहर में इतनी ज्यादा संगमरमर वाली इमारतें नहीं हैं। साल 2000 के बाद यहां बड़े पैमाने पर विकास हुआ और करीब 550 से ज्यादा नई संगमरमर की इमारतें बनाई गईं। सफेदी की चमक इतनी ज्यादा है कि यहां रहने वाले लोग अक्सर सनग्लास पहनकर बाहर निकलते हैं।
2018 में आया सबसे अजीब नियम
तुर्कमेनिस्तान में साल 2018 में एक ऐसा नियम लागू किया गया जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। नियम यह है कि राजधानी अश्गाबात में सिर्फ सफेद या हल्के रंग की कारें ही सड़क पर चल सकती हैं। यह फैसला उस समय के राष्ट्रपति गुर्बांगुली बर्दीमुहामेदोव ने लिया था, जिन्हें सफेद रंग से खास लगाव था। कई लोग उनके इस फैसले को उनके पूर्व पेशे यानी डेंटिस्ट होने से भी जोड़ते हैं, जहां सफेदी को खास महत्व दिया जाता है।
अगर कोई व्यक्ति काली या किसी अन्य रंग की कार खरीद ले, तो वह उसे चला नहीं सकता। ऐसी कारें पुलिस तुरंत जब्त कर लेती है और भारी जुर्माना भी लगाया जाता है। कार वापस तभी मिलती है, जब उसे सफेद रंग में दुबारा पेंट करवा दिया जाए या सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हों। इसी वजह से आज अश्गाबात की सड़कों पर ज्यादातर सफेद और सिल्वर रंग की ही कारें दिखती हैं।
Video Delete कर, नहीं तो…’ कानपूर में युवक को थप्पड़ मरने के जुर्म में पुलिस वाला हुआ suspend
शहर की पहचान बन चुका है सफेद रंग
अश्गाबात में यह रंग नियम सिर्फ कारों तक सीमित नहीं है। शहर की वास्तुकला, डिजाइन, सरकारी इमारतें, मॉल, होटल, पार्क और यहां तक कि सजावट में भी सफेद रंग को प्राथमिकता दी जाती है। पूरे शहर को देखकर ऐसा लगता है जैसे किसी ने उसे एक ही थीम पर तैयार किया हो। यहां नजर जहां भी घुमाएं। हर तरफ सफेदी ही सफेदी दिखाई देती है। इसी वजह से यह शहर दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी अनोखी पहचान से आकर्षित करता है।
एक रंग से बनी शहर की पहचान
तुर्कमेनिस्तान का यह सफेद शहर दिखाता है कि कई बार कानून सिर्फ नियमों के लिए नहीं होते, बल्कि किसी जगह की पहचान भी बन जाते हैं। अश्गाबात में सफेद रंग सिर्फ एक रंग नहीं, बल्कि शहर की शैली, सोच और संस्कृति का प्रतीक बन चुका है।

