Indian Tea seller viral story: कहते हैं हालात चाहे जैसे भी हों, अगर हिम्मत और सोच मजबूत हो तो रास्ता निकल ही आता है। बिहार के एक युवक ने यही साबित कर दिखाया है। अमेरिका में कॉरपोरेट नौकरी छूटने के बाद उन्होंने चाय बेचने का रास्ता चुना और आज एक दिन में करीब 31 हजार रुपये तक कमा रहे हैं। उनकी यह अनोखी कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो में यह युवक अपनी कमाई के बारे में बताते नजर आते हैं। वीडियो के मुताबिक, उन्होंने एक दिन में चाय बेचकर 341 डॉलर कमाए, जो भारतीय मुद्रा में 31 हजार रुपये से ज्यादा बैठते हैं। उनकी सादगी और आत्मविश्वास लोगों को काफी प्रेरित कर रहा है।
कौन हैं ये ‘चायगाय’?
लॉस एंजिल्स में चाय बेचने वाले इस युवक का नाम प्रभाकर प्रसाद है। सोशल मीडिया पर वे ‘Chaiguy’ के नाम से पहचाने जा रहे हैं। मूल रूप से बिहार के पटना जिले के बाढ़ इलाके से ताल्लुक रखने वाले प्रभाकर पढ़ाई और नौकरी के सिलसिले में अमेरिका पहुंचे थे। शुरुआत में उन्हें वहां अच्छी कॉरपोरेट जॉब भी मिली, लेकिन कुछ समय बाद वह नौकरी हाथ से निकल गई।
अमेरिका जैसे महंगे देश में बिना नौकरी टिके रहना आसान नहीं होता। ऐसे मुश्किल वक्त में प्रभाकर ने हिम्मत नहीं हारी और चाय बेचने का फैसला किया। यही फैसला उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट बन गया। आज वे विदेशी ग्राहकों को भारतीय चाय का स्वाद चखा रहे हैं और खुद भी अपने काम से संतुष्ट हैं।
हालांकि प्रभाकर यह भी साफ कहते हैं कि उनकी कमाई हर दिन एक जैसी नहीं होती। उनका चाय का स्टॉल रोज नहीं लग पाता, इसलिए इनकम भी अनियमित है। फिलहाल वे इस बात पर सोच-विचार कर रहे हैं कि अमेरिका में लंबे समय तक टिके रहने के लिए और कौन-से विकल्प अपनाए जाएं।

