भारतीय इतिहास में कई महान विजेताओं का जिक्र मिलता है, लेकिन कश्मीर की धरती से निकले एक ऐसे सम्राट भी हुए जिनकी शक्ति और सैन्य अभियानों की चर्चा दूर-दूर तक होती थी। यह शासक थे ललितादित्य मुक्तापीड (Lalitaditya Muktapida)।
8वीं शताब्दी में करकोट वंश के इस राजा ने कश्मीर को एक शक्तिशाली राज्य बना दिया। कई ऐतिहासिक विवरणों में बताया जाता है कि उनके सैन्य अभियानों की गूंज कश्मीर से निकलकर अफगानिस्तान, मध्य एशिया और तिब्बत तक पहुंची थी।
करकोट वंश का शक्तिशाली शासक
ललितादित्य मुक्तापीड कश्मीर के कार्कोटा राजवंश (Karkota Dynasty) के सबसे प्रभावशाली राजाओं में गिने जाते हैं। उनका शासन लगभग 724 से 760 ईस्वी के बीच माना जाता है। इतिहासकारों के अनुसार वे एक कुशल सेनापति और महत्वाकांक्षी शासक थे। उनके नेतृत्व में कश्मीर की सैन्य शक्ति काफी मजबूत हो गई थी।
जीते 100 से ज्यादा युद्ध
कश्मीर के प्रसिद्ध ऐतिहासिक ग्रंथ राजतरंगिणी (Rajatarangini) में ललितादित्य के कई सैन्य अभियानों का जिक्र मिलता है। कुछ ऐतिहासिक विवरणों में दावा किया जाता है कि उन्होंने अपने जीवन में 100 से अधिक युद्धों में जीत हासिल की। हालांकि आधुनिक इतिहासकार मानते हैं कि इन अभियानों की संख्या और विस्तार को लेकर अलग-अलग मत हैं लेकिन यह तय है कि वह अपने समय के बेहद शक्तिशाली योद्धा थे।
अफगानिस्तान और मध्य एशिया
इतिहासकारों के अनुसार ललितादित्य ने कश्मीर से बाहर कई सैन्य अभियान चलाए। कुछ विवरणों में बताया गया है कि उनकी सेना ने उत्तर-पश्चिम दिशा में जाकर आज के अफगानिस्तान और मध्य एशिया के क्षेत्रों तक प्रभाव स्थापित किया।
इन अभियानों का उद्देश्य व्यापार मार्गों और रणनीतिक क्षेत्रों पर नियंत्रण मजबूत करना भी माना जाता है।
तिब्बत में प्रभाव
उसी समय तिब्बत भी एक उभरती हुई शक्ति था। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार कश्मीर और तिब्बत के बीच कई बार संघर्ष और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा हुई। ललितादित्य के अभियानों के बाद हिमालय के कई क्षेत्रों में कश्मीर का प्रभाव बढ़ा जिससे उस समय की क्षेत्रीय राजनीति पर असर पड़ा।
मार्तंड सूर्य मंदिर
ललितादित्य मुक्तपीड़ ने केवल युद्ध ही नहीं लड़े, बल्कि कश्मीर में भव्य निर्माण भी करवाए। उनकी सबसे प्रसिद्ध धरोहर है मार्तंड सूर्य मंदिर। यह मंदिर प्राचीन भारतीय वास्तुकला का शानदार उदाहरण माना जाता है और आज भी उनके शासनकाल की समृद्धि की गवाही देता है।
कश्मीर के इतिहास स्थान
इतिहासकारों के अनुसार ललितादित्य मुक्तपीड़ अपने समय के सबसे प्रभावशाली शासकों में से एक थे। उन्होंने कश्मीर को राजनीतिक, सैन्य और सांस्कृतिक रूप से मजबूत बनाया। इसी वजह से उन्हें कश्मीर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण और शक्तिशाली सम्राट माना जाता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...