Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुरुग्राम के रेस्टोरेंट में सैंडविच से निकला जिंदा कीड़ा, वीडियो वायरल

August 24, 2026

गुरुग्राम के रेस्टोरेंट में सैंडविच से निकला जिंदा कीड़ा, वीडियो वायरल

गुरुग्राम: गुरुग्राम के वन होराइजन सेंटर (OHC) स्थित मशहूर ‘पॉल’ रेस्टोरेंट में एक ग्राहक के सैंडविच में जिंदा कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सैंडविच के अंदर सफेद रंग का कीड़ा रेंगता हुआ दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने ग्राहक से माफी मांगी है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राहक सुलभ माथुर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अपने दोस्तों के साथ नाश्ता करने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उन्होंने करीब छह से सात तरह की चीजें ऑर्डर की थीं, जिनमें सैंडविच भी शामिल था। कुछ देर बाद उनका ऑर्डर टेबल पर पहुंचा।

सुलभ ने बताया कि उन्होंने सैंडविच का करीब आधा हिस्सा खा लिया था। इसी दौरान उनकी नजर ब्रेड के अंदर मौजूद एक जिंदा कीड़े पर पड़ी। कीड़ा देखकर वह हैरान रह गए और रेस्टोरेंट में भी हंगामे जैसी स्थिति बन गई। वायरल वीडियो में टेबल पर बैठी एक युवती को भी हैरानी जताते हुए सुना जा सकता है।

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने सुलभ से संपर्क किया। प्रबंधन की ओर से फोन और मैसेज के जरिए माफी मांगी गई। सुलभ ने सोशल मीडिया पर रेस्टोरेंट की ओर से भेजे गए मैसेज का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। उनके मुताबिक, प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।

रेस्टोरेंट के प्रतिनिधि ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसा उनकी प्राथमिकता है। रेस्टोरेंट की ओर से मामले की आंतरिक जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, सुलभ माथुर रेस्टोरेंट के जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर लापरवाही को सिर्फ सामान्य माफी के जरिए खत्म करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें