Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

₹25 के बैंगन के चक्कर में गंवाए ₹87,000, ऐसे हुआ महिला के साथ Cyber Fraud

September 12, 2026

₹25 के बैंगन के चक्कर में गंवाए ₹87,000, ऐसे हुआ महिला के साथ Cyber Fraud

अजब-गजबः मुंबई से ऑनलाइन ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां, यह घटना दिखाती है कि छोटी-सी शिकायत का समाधान ढूंढते समय भी अगर हम सावधानी नहीं बरतें, तो साइबर ठग हमें बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं। एक महिला ने ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी ऐप Zepto से करीब ₹25 के गोल बैंगन ऑर्डर किए थे। लेकिन जब उनका सामान घर पहुंचा, तो डिलीवरी बॉय गोल बैंगन की जगह लंबे बैंगन लेकर आया। महिला ने डिलीवरी बॉय से सामान बदलने के लिए कहा। डिलीवरी बॉय ने उसे सलाह दी कि वह इस समस्या की शिकायत Zepto के कस्टमर केयर से करे।

Google पर कस्टमर केयर नंबर ढूंढना पड़ा भारी
महिला ने Zepto का कस्टमर केयर नंबर जानने के लिए Google पर सर्च किया। उसे वहां एक फोन नंबर मिला और उसने उस नंबर पर कॉल कर दिया। महिला को लगा कि वह कंपनी के आधिकारिक कस्टमर सपोर्ट से बात कर रही है। लेकिन असल में फोन उठाने वाला व्यक्ति एक साइबर ठग था। उसने खुद को कंपनी का कस्टमर सपोर्ट एग्जीक्यूटिव बताया और महिला को भरोसे में ले लिया।

₹24 के रिफंड का दिया झांसा
ठग ने महिला से कहा कि गलत सामान मिलने के कारण उसे करीब ₹24 का रिफंड दिया जाएगा। रिफंड देने की प्रक्रिया के नाम पर ठग ने महिला को WhatsApp पर एक APK फाइल भेजी। उसने महिला से कहा कि यह कस्टमर सपोर्ट से जुड़ा ऐप है और इसे अपने फोन में इंस्टॉल करने के बाद रिफंड मिल जाएगा। महिला को अंदाजा नहीं था कि यह असली ऐप नहीं, बल्कि ठगों द्वारा तैयार किया गया फर्जी ऐप था।

फर्जी ऐप इंस्टॉल करते ही खाते से उड़ गए पैसे
महिला ने ठग की बात पर भरोसा किया और WhatsApp पर भेजी गई APK फाइल को अपने फोन में इंस्टॉल कर लिया। इसके बाद उसने फर्जी ऐप में मांगी गई जानकारी भी दर्ज कर दी।लेकिन ₹24 का रिफंड मिलने के बजाय उसके बैंक खाते से ₹87,000 रुपये निकल गए। यानी कुछ रुपये के सामान की शिकायत का समाधान ढूंढते-ढूंढते महिला को हजारों रुपये का नुकसान हो गया।

Google पर दिखने वाला हर नंबर असली नहीं होता
इस घटना से सबसे बड़ी सीख यह है कि Google पर दिखाई देने वाला हर कस्टमर केयर नंबर जरूरी नहीं कि कंपनी का आधिकारिक नंबर हो। साइबर ठग कई बार अपनी फर्जी वेबसाइट या फोन नंबर को सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखाने की कोशिश करते हैं। इसके लिए वे SEO जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए सिर्फ Google Search में मिले किसी नंबर पर भरोसा करके फोन करना सुरक्षित नहीं है।

कस्टमर केयर नंबर कहां से लें
अगर आपको किसी कंपनी से शिकायत करनी है या रिफंड लेना है, तो उसका कस्टमर केयर नंबर हमेशा कंपनी के आधिकारिक ऐप या आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। किसी अनजान वेबसाइट, सोशल मीडिया पोस्ट या Google Search में दिखने वाले संदिग्ध नंबर पर आंख बंद करके भरोसा न करें।

WhatsApp पर आई APK फाइल से रहें सावधान
सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई व्यक्ति WhatsApp या किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप के जरिए आपको APK फाइल भेजता है, तो उसे बिना जांचे अपने फोन में इंस्टॉल न करें। खासकर अगर कोई व्यक्ति कहे कि रिफंड पाने के लिए ऐप इंस्टॉल करें। शिकायत दर्ज करने के लिए यह ऐप डाउनलोड करें। पैसे वापस लेने के लिए यह APK खोलें। कस्टमर सपोर्ट के लिए इस ऐप को अनुमति दें। तो पहले पूरी तरह जांच करें।

बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी, OTP, UPI PIN, कार्ड की जानकारी या दूसरी संवेदनशील जानकारी साझा न करें। रिफंड के नाम पर अगर कोई आपसे ऐसी जानकारी मांगता है, तो सावधान हो जाएं। छोटी रकम वापस लेने के चक्कर में बड़ी रकम गंवाने का खतरा हो सकता है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें