Dainik Savera Times

हवा में उड़कर साइन बोर्ड में जा घुसी Thar, वीडियो देख फटी रह गईं लोगों की आंखें

thar viral video

वायरल न्यूज: सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक थार गाड़ी सड़क किनारे लगे बड़े साइन बोर्ड के अंदर घुसी हुई दिखाई दे रही है। पहली नजर में ऐसा लगता है कि गाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग NH-48 पर दिल्ली, गुरुग्राम और जयपुर की दिशा में जा रही थी और अचानक साइन बोर्ड से टकरा गई। वीडियो देखने के बाद कई लोग हैरान रह गए। कुछ यूजर्स ने इसे लापरवाही का मामला बताया, तो कुछ ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया। सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो पहले भी सामने आते रहे हैं, जिनमें थार गाड़ियों से जुड़े स्टंट या अजीब घटनाएं दिखाई जाती हैं।

यह वीडियो @MeenaRamesh91 नाम के एक यूजर ने पोस्ट किया है। पोस्ट के कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा गया कि शायद थार जयपुर की ओर जा रही थी, लेकिन सीधे ही साइन बोर्ड के जरिए जयपुर पहुंच गई। इस कैप्शन के बाद वीडियो और भी ज्यादा वायरल हो गया। इस वीडियो को लेकर जब एक्स के एआई टूल Grok से सवाल किया गया, तो उसने जवाब दिया कि यह वीडियो NH-48 पर थार के साइन बोर्ड में फंसने जैसा दिखता है, लेकिन किसी असली घटना की पुष्टि नहीं मिलती।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थार के साइनबोर्ड में घुसी वाले वीडियो को जब ध्यान से देखा गया तो उसमें कई ऐसी कमियां नजर आईं, जो अक्सर एआई से बनाए गए वीडियो में दिखाई देती हैं। सबसे पहले वीडियो में दिखाया गया है कि एक भारी-भरकम कार साइनबोर्ड के बिल्कुल बीचों-बीच ऊंचाई पर फंसी हुई है। सामान्य तौर पर इतनी ऊंचाई पर इस तरह कार का अटक जाना भौतिक नियमों के हिसाब से संभव नहीं लगता। दूसरी बात इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद नीचे हाईवे पर चल रही गाड़ियां बिना रुके सामान्य रफ्तार से गुजरती दिखाई देती हैं। आमतौर पर ऐसी स्थिति में ट्रैफिक रुक जाता है या लोग इकट्ठा हो जाते हैं। इसके अलावा साइनबोर्ड पर दाईं ओर लिखे गए शब्द भी असामान्य और अजीब तरीके से लिखे नजर आते हैं, जो एआई जनरेटेड कंटेंट में अक्सर देखने को मिलता है।

एआई डिटेक्शन टूल्स से की गई जांच

वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इसे कई एआई डिटेक्शन टूल्स पर जांचा गया। Hive Moderation पर चेक करने पर टूल ने 99.9 प्रतिशत संभावना जताई कि वीडियो एआई से तैयार किया गया है।

WasitAI ने भी वीडियो में दिख रहे दृश्य को काफी हद तक एआई जनरेटेड बताया।

Decopy ने 99 प्रतिशत स्कोर देते हुए इसे एआई से बना हुआ कंटेंट बताया।

Deepfake-o-meter के AVSRDD 2025 मॉडल ने भी वीडियो को 99.9 प्रतिशत स्कोर दिया और इसके एआई से बनाए जाने की संभावना जताई।

इन सभी टूल्स के नतीजों से साफ संकेत मिलता है कि वायरल वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि एआई तकनीक से तैयार किया गया कंटेंट हो सकता है।

Exit mobile version