अजब-गजब : अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर खुद का बिजनेस शुरू करना आसान फैसला नहीं होता, लेकिन कुछ लोग अपनी अलग सोच और मेहनत से नया रास्ता चुन लेते हैं। ऐसी ही एक कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जहां एक युवक ने बैंगलुरु की 11 लाख रुपये सालाना पैकेज वाली कॉरपोरेट नौकरी छोड़कर पानी सप्लाई का बिजनेस शुरू किया। आज वह अपने घर से ही इस काम को चलाकर हर महीने लाखों रुपये की कमाई कर रहा है।
नौकरी छोड़ गांव लौटकर शुरू किया अपना काम
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अंकित पांडे नाम के एक यूजर ने अपने दोस्त की इस सफलता की कहानी शेयर की। उन्होंने बताया कि उनका दोस्त बैंगलुरु में एक निजी कंपनी में करीब 11 लाख रुपये सालाना पैकेज पर काम करता था।
कॉरपोरेट नौकरी में आगे बढ़ने के बजाय उसने अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का फैसला किया। इसके बाद वह नौकरी छोड़कर घर वापस आ गया और अपनी जमीन पर पानी को साफ करने का प्लांट लगाया। धीरे-धीरे उसने आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई शुरू कर दी।
My friend quit his ₹11 LPA 9-to-5 job in Bengaluru.
Now he earns nearly ₹28 lakh a year from his home.
Instead of chasing promotions, he went back home and started a simple water purification business.
He installed a water purification plant on his own property and connected… pic.twitter.com/uY3mfTd0d3
— Ankit Pandey (@iamankitpande) August 3, 2026
300 ग्राहकों से हर महीने लाखों की कमाई
इस बिजनेस का पूरा गणित भी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया। युवक ने आसपास की कॉलोनियों और दुकानों को अपना ग्राहक बनाया है। वर्तमान में वह करीब 300 घरों और दुकानों तक पानी के कैन पहुंचाता है। वह रोजाना लगभग 300 पानी के कैन बेचता है। एक कैन की कीमत 30 रुपये रखी गई है। इस हिसाब से उसकी रोज की बिक्री करीब 9 हजार रुपये और महीने की कमाई लगभग 2.70 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
खर्च निकालने के बाद बचता है बड़ा मुनाफा
पानी साफ करने के लिए बिजली और अन्य खर्चों पर करीब 15 हजार रुपये प्रति माह खर्च होते हैं। वहीं डिलीवरी और गाड़ियों का खर्च लगभग 20 हजार रुपये आता है।
चूंकि उसके पास अपनी जमीन है, इसलिए उसे किराया नहीं देना पड़ता। बता दें कि सभी खर्च हटाने के बाद उसका महीने का मुनाफा करीब 2.35 लाख रुपये बताया गया है। सालाना हिसाब से यह कमाई करीब 28 लाख रुपये से ज्यादा बैठती है।
रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा बिजनेस चुना
अंकित ने अपनी पोस्ट में बताया कि हर सफल बिजनेस जरूरी नहीं कि बड़ा या दिखने में शानदार हो। कई बार लोगों की रोज की जरूरतों से जुड़ा छोटा कारोबार भी अच्छी कमाई का जरिया बन सकता है। उन्होंने लोगों से सवाल भी किया कि क्या वे 11 लाख रुपये की नौकरी छोड़कर ऐसा बिजनेस शुरू करने का जोखिम उठा सकते हैं।
सोशल मीडिया पर कहानी की हो रही चर्चा
इस कहानी को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स युवक की सोच और मेहनत की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि लगातार जरूरत वाले बिजनेस में मेहनत और सही रणनीति के साथ अच्छी सफलता हासिल की जा सकती है।

