Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्लीपर कोच में पैंट्री कर्मचारियों ने की यात्री से मारपीट, पास बैठकर तमाशा देखते रहे लोग, देखें वीडियो

January 29, 2026

स्लीपर कोच में पैंट्री कर्मचारियों ने की यात्री से मारपीट, पास बैठकर तमाशा देखते रहे लोग, देखें वीडियो

वायरल न्यूज: सोशल मीडिया पर अक्सर मारपीट और झगड़े के वीडियो वायरल होते रहते हैं। इसी कड़ी में भारतीय रेलवे के स्लीपर कोच से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों तेजी से चर्चा में है। इस वीडियो ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ पैंट्री कर्मचारी एक यात्री के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं और आसपास मौजूद यात्री सिर्फ तमाशबीन बने हुए दिखाई देते हैं।

स्लीपर कोच में हुई मारपीट

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन के स्लीपर कोच के अंदर एक यात्री को कई पैंट्री कर्मचारी घेरकर पीट रहे हैं। यात्री मदद के लिए चीखता रहता है, लेकिन कोच में बैठे लोग बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहते हैं। मारपीट काफी देर तक चलती है, लेकिन कोई भी यात्री उसे रोकने की कोशिश नहीं करता।

ये भी पढ़ें: Gold Silver Price: सोना-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, सोना 1.76 लाख के पार; जानें चांदी का भाव

बता दें यह घटना GT एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12615 की है, जो मध्य प्रदेश के विदिशा और बीना के बीच चल रही थी। वीडियो @ashishgayakwad_mh_34_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ट्रेन में मौजूद स्टाफ आखिर किस अधिकार से कानून अपने हाथ में ले सकता है।

यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस वीडियो को देखकर लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि जब कोच में इतने सारे यात्री मौजूद थे, तब कोई भी व्यक्ति पीड़ित की मदद के लिए आगे क्यों नहीं आया। वहीं रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और पैंट्री स्टाफ की मनमानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर ट्रेन के अंदर ही यात्री सुरक्षित नहीं हैं, तो भरोसा कैसे किया जाए।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। कई यूजर्स ने IRCTC और रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। एक यूजर ने लिखा कि गरीब आदमी को पीटा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था नदारद है। दूसरे यूजर ने कहा कि इतने लोग मौजूद होने के बावजूद किसी ने मदद नहीं की, कल यही आपके साथ भी हो सकता है। कुछ लोगों ने पैंट्री कर्मचारियों की गुंडागर्दी पर नाराजगी जताई, तो कई यूजर्स ने दोषियों को तुरंत नौकरी से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि ट्रेन में बैठे लोगों को शर्म आनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की घरेलू हिंसा में मौत, पति ने पीटा था; 5 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम

रेलवे से इंसाफ की मांग

इस घटना के बाद लोग लगातार रेलवे से मांग कर रहे हैं कि दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। यात्रियों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो रेलवे पर से लोगों का भरोसा उठ जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें