Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

गरीब आदिवासी हुआ मालामाल, खुदाई के दौरान मिली ये बेशकीमती चीज, जानें कीमत

August 8, 2024

गरीब आदिवासी हुआ मालामाल, खुदाई के दौरान मिली ये बेशकीमती चीज, जानें कीमत

पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के रत्नगर्भा में एक खुदाई के दौरान एक गरीब मजदूर को हीरा मिला है। 19.22 कैरेट हीरे की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पन्ना के रत्नगर्भा की धरती पर एक गरीब आदिवासी की किस्मत चमकी है। दरअसल, हीरा खदान में खुदाई के वक्त उसको 19.22 कैरेट हीरे की प्राप्ति हुई।

हीरे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। उसे ये हीरा कृष्ण कल्याणपुर (पटी) के उथली हीरा खदान में मिला है। पन्ना की धरती बेशकीमती हीरों के लिए विख्यात है। हीरा धारक चुनवादा आदिवासी ने प्राप्त हीरे को कार्यालय में जमा करवा दिया है। इसे आने वाली अगली नीलामी में रखा जाएगा।

बता दें कि पन्ना जिले के अहिरगवां गांव के निवासी चुनवादा गोंड ने हीरा कार्यालय से मात्र 200 रुपए की रसीद कटवाई थी और 20 मई 2024 को कृष्ण कल्याणपुर के पटी क्षेत्र में हीरा खदान खोदने के लिए पट्टा बनवाया था। गरीब आदिवासी को 8×8 मीटर की जगह उत्खनन के लिए दी गई थी। पट्टा जारी करवाने के बाद गरीब आदिवासी चुनवादा ने दिन-रात पत्नी व बच्चों समेत खदान में हीरा तलाशने के लिए मेहनत की।

करीब दो माह की मेहनत में उसको बेशकीमती 19.22 कैरेट का हीरा मिला। नीलाम होने पर 12 प्रतिशत टैक्स और 1 प्रतिशत टीडीएस(TDS) काटकर बाकी रकम हीरा धारक के खाते में भेज दी जाएगी। पिता की तबीयत खराब होने के कारण उसके बेटे राजू गौड़ ने हीरे को हीरा कार्यालय में जमा करवाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें