Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भाग्यशाली’ साबित हुई तो शख्स ने कार की निकाली अंतिम यात्रा, खर्च कर डाले इतने लाख रुपये, VIDEO देख घूम जाएगा दिमाग

November 9, 2024

‘भाग्यशाली’ साबित हुई तो शख्स ने कार की निकाली अंतिम यात्रा, खर्च कर डाले इतने लाख रुपये, VIDEO देख घूम जाएगा दिमाग

अमरेली। गुजरात के अमरेली जिले में एक किसान परिवार ने अपनी ‘भाग्यशाली’ कार का भव्य तरीके से समाधि समारोह आयोजित किया जो चर्चा का विषय बन गया है। वीरवार को लाठी तालुका के पदारशिंगा गांव में संजय पोलारा और उनके परिवार द्वारा आयोजित समारोह में संतों, धार्मिक नेताओं सहित लगभग 1,500 लोग शामिल हुए। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर आई है जिसमें पोलारा और उनका परिवार अपने खेत में अनुष्ठान करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यहां उनकी 12 साल पुरानी वैगन आर कार की समाधि के लिए 15 फुट गहरा गड्ढा खोदा गया था। फूल-माला से सजी कार को बड़े धूमधाम से पोलारा के घर से उनके खेत तक ले जाया गया।

 

ढलान से धीरे-धीरे उतार कर उसे गड्ढे में रख दिया गया। वाहन को हरे कपड़े से ढक दिया गया। परिवार के सदस्यों ने पूजाअर्चना की तथा पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर वाहन को नम आंखों से विदाई दी गई। अंत में मिट्टी डालने और कार की समाधि के लिए उत्खनन मशीन का उपयोग किया गया। पोलारा का सूरत में निर्माण व्यवसाय है। उन्होंने कहा कि वह कुछ अलग करना चाहते थे ताकि आने वाली पीढ़ियां उस कार को याद रखें जो उनके परिवार के लिए भाग्यशाली साबित हुई। पत्रकारों से पोलारा ने कहा मैंने यह कार करीब 12 साल पहले खरीदी थी और इससे परिवार में समृद्धि आई। कारोबार में सफलता के अलावा मेरे परिवार को सम्मान भी मिला। यह गाड़ी मेरे और मेरे परिवार के लिए भाग्यशाली साबित हुई। इसलिए मैंने इसे बेचने के बजाय श्रद्धांजलि स्वरूप अपने खेत में इसकी समाधि बना दी। पोलारा ने इस समारोह पर 4 लाख रुपए खर्च किए।

समाधि स्थल पर एक पेड़ लगाने की योजना
पत्रकारों से पोलारा ने कहा कि वह कार के समाधि स्थल पर एक पेड़ लगाने की योजना बना रहे हैं ताकि उनकी भावी पीढ़ियों को याद रहे कि परिवार की भाग्यशाली कार पेड़ के नीचे है। समाधि समारोह हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित किया गया। इसके लिए करीब 1,500 लोगों को आमंत्रित किया गया और भोज का आयोजन किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें