Site icon Dainik Savera Times

टायर निकलने के बाद भी कार दौड़ाता रहा युवक… मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बचे राहगीर

पुणे वायरल न्यूज़ : पुणे में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कार चालक टायर निकल जाने के बावजूद वाहन को तेज रफ्तार में चलाता रहा। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कार का एक अगला टायर पूरी तरह से अलग हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद चालक लापरवाही से सड़क पर दौड़ लगाता रहा। यह नज़ारा देखकर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।

टायर निकलने के बाद भी कार दौड़ाता रहा युवक

यह घटना कैंप क्षेत्र के आसपास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार इतनी तेज़ गति से गुजर रही थी कि लोग डर के मारे साइड में हटते चले गए। गाड़ी लगातार सड़क से घिसटती हुई चिंगारियां भी छोड़ रही थी। लोगों का कहना है कि ड्राइवर का वाहन पर बिल्कुल भी नियंत्रण नहीं था और उसके हाव-भाव देखकर ऐसा लग रहा था कि वह नशे की हालत में है। शायद उसे यह एहसास भी नहीं था कि गाड़ी का एक टायर पूरी तरह गायब हो चुका है।

बाल-बाल बचे राहगीर

इस खतरनाक स्थिति के बीच एक स्थानीय निवासी ने कार का पीछा किया। उन्होंने तुरंत ट्रैफिक पुलिस को जानकारी दी और कार को रुकवाने में मदद की। उनकी सतर्कता के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। कई लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार नहीं रोकी जाती तो सड़क पर मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान पर बन सकती थी।

ड्राइवर की लापरवाही के धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस जांच में पता चला कि चालक नशे में था और उसने क्षतिग्रस्त कार को कल्याणी नगर से रेलवे स्टेशन तक चलाया। रास्ते में वह कोरेगांव पार्क क्षेत्र से भी तेज़ रफ्तार में गुजरा। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के हाथ में पार्टी वाला रिस्टबैंड भी था, जिससे अंदाज़ा लगता है कि वह किसी समारोह से लौट रहा था।

बंड गार्डन पुलिस स्टेशन में उस व्यक्ति के खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने, लापरवाही से ड्राइविंग और सार्वजनिक सुरक्षा खतरे में डालने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसी घटनाएं सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और इन्हें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version