Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

रांची के शिक्षक ने सबसे लंबी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग क्लास लेने का बनाया वल्र्ड रिकॉर्ड

January 29, 2024

रांची के शिक्षक ने सबसे लंबी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग क्लास लेने का बनाया वल्र्ड रिकॉर्ड

रांची: रांची स्थित संत जेवियर्स स्कूल के शिक्षक संतोष कुमार ने कंप्यूटर प्रोग्रामिंग की सबसे लंबी क्लास लेने का वल्र्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने लगातार 48 घंटे 20 मिनट तक क्लास ली। गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्डस की रिकॉर्ड प्रबंधन टीम द्वारा पूर्ण तकनीकी मूल्यांकन के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा होगी। संतोष कुमार रांची के डोरंडा स्थित संत जेवियर्स स्कूल में कंप्यूटर साइंस विभाग के एचओडी हैं। उन्होंने रविवार सुबह स्कूल के लैब में वल्र्ड क्लास की शुरुआत की थी, जो मंगलवार सुबह 9.23 बजे तक चली। रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्होंने पहले गिनीज बुक के मैनेजमैंट के पास आवेदन किया था।

उन्हें 30 से 40 घंटे क्लास लेने का टारगेट मिला था लेकिन उन्होंने अपनी ओर से 48 घंटे का लक्ष्य तय किया था और इसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूरा कर दिखाया। रिकॉर्ड बनाने की इस प्रक्रिया की निगरानी में अलग-अलग क्षेत्रों से 30 गवाह प्रतिनियुक्त किए गए थे। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिग भी की गई। गिनीज बुक की ओर से तय किए गए मापदंड के अनुसार कुल 13 बैचों में 330 छात्र क्लास में शामिल हुए। हर बैच चार-चार घंटे का था। रिकॉर्ड बनाने के इस टारगेट को पूरा करने में स्कूल के प्रबंधन ने कंप्यूटर लैब में सारी व्यवस्था उपलब्ध कराई थी। संतोष कुमार के पहले 24 घंटे तक सबसे लंबी कक्षा लेने का वल्र्ड रिकॉर्ड था। इस उपलब्धि पर संत जेवियर्स स्कूल के प्रैसीडैंट फादर अजीत कुमार खेस ने उन्हें सम्मानित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें