अजब गजब न्यूज : स्पेन में हाल ही में एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। आमतौर पर हम सुनते हैं कि कर्मचारी देर से आने पर नौकरी गंवा सकते हैं, लेकिन इस बार मामला उल्टा था। वहां एक कंपनी ने एक युवा महिला को सिर्फ इसलिए नौकरी से निकाल दिया क्योंकि वह अपने तय समय से पहले ऑफिस पहुंच जाती थी।
ऑफिस जल्दी पहुंचने की वजह से गई नौकरी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह 22 वर्षीय महिला एक कंपनी में काम करती थी, जिसकी शिफ्ट सुबह 7.30 बजे शुरू होती थी। इसके बावजूद वह अक्सर 6.45 या 7 बजे ऑफिस पहुंच जाती थी। कंपनी के बॉस ने कई बार उसे समझाया कि वह अपनी शिफ्ट के अनुसार ही ऑफिस आए, लेकिन महिला ने इसकी अनदेखी की और लगातार जल्दी पहुंचती रही।
कंपनी ने महिला को कई मौखिक और लिखित चेतावनियां भी दी थीं…
कंपनी ने महिला को कई मौखिक और लिखित चेतावनियां भी दी थीं। इसके बावजूद उसने 19 दिनों तक रोजाना निर्धारित समय से पहले ही ऑफिस पहुंचना जारी रखा। कंपनी का कहना था कि मुख्य समस्या केवल जल्दी आने की नहीं थी, बल्कि सीनियर्स के निर्देशों का पालन न करना था। इसके कारण टीम का कामकाज प्रभावित हो रहा था। एक सहकर्मी ने बताया कि महिला जल्दी आकर न तो काम में योगदान देती थी और न ही टीम के काम को गति देती थी, बल्कि अक्सर उलझन और व्यवधान पैदा करती थी।
कोर्ट भी नहीं कर पाया मदद
महिला ने नौकरी से निकाल दिए जाने के बाद अदालत का दरवाजा खटखटाया और कंपनी पर अनुचित बर्खास्तगी का आरोप लगाया। लेकिन अदालत ने कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि बार-बार निर्देशों की अवहेलना करना गंभीर गलती है और इस आधार पर कंपनी का निर्णय वैध था। अदालत ने महिला को किसी भी राहत देने से इंकार कर दिया।
हालांकि महिला इस फैसले से संतुष्ट नहीं है और वह इसे उच्च न्यायालय में चुनौती देने की योजना बना रही है। उनका कहना है कि समय से पहले ऑफिस पहुंचना किसी अपराध के बराबर नहीं है और कंपनी ने उनकी मंशा को सही ढंग से नहीं समझा।

