नेशनल डेस्क : भारत में आमतौर पर अच्छे वेतन या बिजनेस से होने वाली कमाई पर सरकार को टैक्स देना पड़ता है। टैक्स सिस्टम को लेकर अक्सर लोग सोशल मीडिया पर शिकायतें करते हैं और मीम्स बनाते हैं कि सरकार जरूरत से ज्यादा टैक्स लेती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ऐसा राज्य है जहां कमाई पर पूरी तरह से 0% टैक्स है? बता दें कि उस राज्य का नाम सिक्किम है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
सिक्किम में क्यों नहीं देना पड़ता TAX ?
आपको बता दें कि सिक्किम भारत का हिस्सा होने के बावजूद वहां के लोगों को अपनी कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं देना पड़ता। यानी सिक्किम के नागरिक कितना भी कमाएं, भारत सरकार उनसे टैक्स नहीं लेती। लेकिन ऐसा क्यों है? इसका जवाब हमें इतिहास में मिलता है।
इतिहास बताता है कारण
दरअसल, 1975 से पहले सिक्किम भारत का हिस्सा नहीं था। उस समय सिक्किम में राजा चोग्याल का शासन था। राजा चोग्याल की नीति के तहत वहां कोई भी व्यक्ति इनकम टैक्स नहीं भरता था।जब 1975 में सिक्किम भारत के साथ जुड़ा, तब राजा चोग्याल ने भारत सरकार से एक खास शर्त रखी – सिक्किम में उनकी टैक्स नीति वैसी ही रहे। भारत सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया और तब से सिक्किम के लिए टैक्स से छूट जारी है।
कौन-कौन इसका लाभ उठा सकता है?
यह सुविधा सिर्फ सिक्किम के स्थानीय लोगों के लिए है, जो 1971 से पहले से सिक्किम में रह रहे हैं। अगर कोई सिक्किम की लड़की भारत के दूसरे राज्य में शादी करती है, तो उसका यह टैक्स छूट का अधिकार खत्म हो जाता है। साथ ही, अगर किसी दूसरे राज्य का व्यक्ति सिक्किम में नौकरी या व्यापार करता है, तो वह भी टैक्स छूट का लाभ नहीं ले सकता। सिक्किम का यह टैक्स नियम इतिहास और शर्तों की वजह से है, जो आज भी कायम है। इसलिए, सिक्किम के स्थानीय लोगों को टैक्स के बोझ से राहत मिली हुई है, जो भारत के अन्य हिस्सों में संभव नहीं।

