Ajab-Gajab: अक्सर चोरी की घटनाओं में चोर आसानी से भाग निकलते हैं, लेकिन राजस्थान के कोटा शहर में एक चोर की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि वह खुद ही मुसीबत में फंस गया। यह मामला बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर इलाके का है, जहां चोरी के इरादे से घर में घुसा एक युवक रसोई में लगे एग्जॉस्ट फैन के छेद में फंस गया।
प्रताप नगर में रहने वाले सुभाष कुमार रावत अपनी पत्नी के साथ खाटूश्यामजी दर्शन के लिए गए हुए थे। घर बंद था और सब कुछ सामान्य लग रहा था। रात करीब एक बजे जब दंपती वापस लौटे और मेन गेट खोला, तो स्कूटी की हेडलाइट रसोई की तरफ पड़ी। वहां जो नजारा दिखा, उसे देखकर दोनों घबरा गए। रसोई की दीवार में लगे एग्जॉस्ट फैन के छेद से एक युवक का आधा शरीर बाहर की तरफ लटका हुआ था और आधा अंदर फंसा हुआ था।
कुछ पल तक तो दंपती को समझ ही नहीं आया कि यह क्या है। जब उन्होंने शोर मचाया, तो बाहर निगरानी कर रहा चोर का साथी मौके से भाग गया। जो युवक अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, वह पूरी तरह फंस चुका था। बाहर निकलने की कोशिश में वह और ज्यादा अटक गया।धीरे-धीरे आसपास के लोग जमा हो गए। किसी ने पुलिस को फोन किया, तो किसी ने इस अजीब घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अपने घर के छेद बंद रखो
पता नहीं कौन कब घुस जाए
कोटा मे एक चोर एग्जास्ट फैन के छेद से घर के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था
तभी मकान मालिक बाहर से आ गए pic.twitter.com/hrwc3of7c8
— Nehra Ji (@nehraji779) January 6, 2026
करीब एक घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। चोर दर्द से परेशान था और बार-बार पानी मांग रहा था। मोहल्ले के लोगों ने इंसानियत दिखाते हुए उसे पानी पिलाया, ताकि उसकी हालत खराब न हो। लोग यह सोचकर भी डरे हुए थे कि कहीं ज्यादा देर तक फंसे रहने से उसकी तबीयत न बिगड़ जाए।
कुछ देर बाद बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले युवक को शांत किया और फिर सावधानी से उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। एग्जॉस्ट फैन का छेद छोटा होने की वजह से युवक बुरी तरह फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाहर आते ही वह जमीन पर बैठ गया और राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जिस कार से आया था, उस पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ था, ताकि लोगों को शक न हो। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है और उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पुलिस स्टिकर लगी कार कहां से आई और उसका इस्तेमाल क्यों किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है और लोग इसे चोरी की कोशिश में किस्मत का अजीब खेल बता रहे हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...