Site icon Dainik Savera Times

मिठाई नहीं, इस कंपनी ने दिवाली पर कर्मचारियों को दिए iPhone 16 … वायरल हुआ वीडियो

This company gave away iPhone 16s for Diwali

This company gave away iPhone 16s for Diwali

अजब-गजब: दिवाली का त्योहार आते ही कंपनियां अपने कर्मचारियों को खुश करने के लिए तरह-तरह के गिफ्ट देती हैं। कुछ कंपनियां मिठाई बांटती हैं, तो कुछ बोनस, कपड़े और गिफ्ट हैंपर देती हैं। लेकिन दिल्ली की एक कंपनी ने इस दिवाली अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर iPhone 16 गिफ्ट किए हैं। यह सरप्राइज देखकर कर्मचारी भी खुशी से झूम उठे।

दरअसल, दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को महंगे स्मार्टफोन देकर दिवाली का त्योहार खास बना दिया। कंपनी ने इस खास पल का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कंपनी की तारीफ कर रहे हैं और मजेदार कमेंट भी कर रहे हैं।

कर्मचारियों की टेबल पर रखे थे नए iPhone

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑफिस में कर्मचारियों की टेबल पर नए iPhone 16 रखे हुए हैं। इन स्मार्टफोन को रंगीन रिबन से सजाया गया है। वीडियो में सफेद, हरे, नीले और काले रंग के फोन दिखाई दे रहे हैं। जब कर्मचारी अपने ऑफिस पहुंचते हैं और टेबल पर रखे इन महंगे गिफ्ट को देखते हैं, तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है। कई कर्मचारी इस सरप्राइज को देखकर हैरान रह जाते हैं, जबकि कुछ की खुशी देखते ही बनती है। कंपनी ने वीडियो शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘कोई मुकाबला नहीं… आपको दिवाली पर क्या मिला?’ कंपनी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

 

सोशल मीडिया पर लोगों ने की कंपनी की तारीफ

वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने कंपनी के इस कदम की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि अगर कंपनियां अपने कर्मचारियों को इस तरह सम्मान और खुशी देती हैं, तो उनका काम करने का उत्साह भी बढ़ता है। एक यूजर ने मजाक में पूछा कि क्या कंपनी में कोई नौकरी खाली है? वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि ऐसे वीडियो देखकर इंस्टाग्राम चलाने का मन नहीं करता, क्योंकि दूसरों के महंगे गिफ्ट देखकर अपनी दिवाली फीकी लगने लगती है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उन्हें भी ऐसी कंपनी में काम करने का मौका मिलना चाहिए, जहां त्योहारों पर कर्मचारियों को इतने शानदार तोहफे मिलते हों।

लोगों को लगा AI से बनाया गया है वीडियो

इस वीडियो को देखने के बाद कुछ यूजर्स को शुरुआत में लगा कि यह असली नहीं है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है। हालांकि, कंपनी ने ऐसे कमेंट का जवाब देते हुए साफ किया कि वीडियो AI से नहीं बनाया गया है। यानी कर्मचारियों को सच में दिवाली के मौके पर iPhone 16 दिए गए हैं।

एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि महिला कर्मचारियों को आईफोन मिले हैं, जबकि पुरुष कर्मचारियों को सोने के सिक्के दिए गए हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उसे तो अपनी कंपनी की तरफ से सोन पापड़ी का डिब्बा तक नहीं मिला।

कर्मचारियों के लिए यादगार बनी दिवाली

आमतौर पर दिवाली पर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, बोनस या छोटे गिफ्ट देती हैं। लेकिन दिल्ली की इस कंपनी ने महंगे स्मार्टफोन देकर कर्मचारियों को खास सरप्राइज दिया। फिलहाल, कंपनी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। लोग इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि त्योहार के मौके पर कर्मचारियों को खुश करने और उनके काम की सराहना करने का यह एक अलग तरीका है।

Exit mobile version