Dainik Savera Times

ये है दुनिया का सबसे महंगा अंडा, कीमत सुन खिसक जाएगी पैरों तले जमीन

अजब-गजब: क्या आपने कभी सोचा है कि एक अंडा कितने का हो सकता है? आमतौर पर 7, 10 या ज्यादा से ज्यादा 25 रुपये लेकिन दुनिया में ऐसा भी एक अंडा है, जिसकी कीमत सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। यह अंडा 30.2 मिलियन डॉलर यानी करीब 273 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ है।

यह मशहूर ‘विंटर एग’ (Winter Egg) है, जिसने हाल ही में नीलामी में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। इसे रूस के प्रसिद्ध जौहरी फैबरगे (Fabergé) ने बनाया था, जो दुनिया की बेहतरीन कलाकृतियों में से एक माना जाता है।

ये भी पढ़ें: फगवाड़ा में फिर चली गोलियां, मामूली बहस पर युवक की बेरहमी से हत्या

इस अंडे की सबसे खास बात इसकी बनावट है। यह देखने में ऐसे लगता है, जैसे बर्फ के पिघलते टुकड़ों से बनाया गया हो। पूरा अंडा क्रिस्टल का है और इसमें करीब 4,500 छोटे-छोटे हीरे जड़े हुए हैं। अंडे के अंदर फूलों से भरी एक नाजुक-सी टोकरी भी है, जो इसकी सुंदरता को और बढ़ा देती है। यही वजह है कि इसे ‘क्रिस्टल फैबरगे एग’ भी कहा जाता है।

इस अंडे का इतिहास भी बहुत रोचक है। साल 1913 में रूस के शासक जार निकोलस द्वितीय ने इसे अपनी मां महारानी मारिया फियोदोरोवना को ईस्टर के मौके पर तोहफे में दिया था। यह सिर्फ एक शोपीस नहीं, बल्कि उस समय की रॉयल लाइफ और शानो-शौकत का प्रतीक था।

रूसी क्रांति के बाद यह अंडा लंबे समय तक गायब रहा। माना जाता है कि जार के शासन के खत्म होते ही यह कहीं खो गया था। फिर 1990 के दशक में अचानक यह सामने आया और उसके बाद जब भी नीलामी हुई, इसने रिकॉर्ड ही बनाए। अब 273 करोड़ रुपये में बिककर इस अंडे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कला, इतिहास और शिल्पकारी की कीमत किसी भी दौलत से कम नहीं होती।

 

Exit mobile version