Site icon Dainik Savera Times

दुल्हन के दो दावेदार, सात फेरों के 24 घंटे बाद एंट्री, फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा

Two contenders for the bride

Two contenders for the bride

Two contenders for the bride : बैकुंठपुर। शादी के मंडप में लिए गए सात फेरे अभी 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि दुल्हन के नए घर में ऐसा ड्रामा शुरू हो गया, जिसने पूरे गांव को हैरान कर दिया। सुहागरात की रस्में भी पूरी नहीं हुई थीं कि अचानक दुल्हन का प्रेमी पहुंच गया और उसे अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया। इसके बाद जो हुआ, वह देर रात तक थाने में चलता रहा और आखिरकार मामला प्रेम, परिवार और रिश्तों के टकराव की मिसाल बन गया।

रात 2 बजे तक समझाती रही पुलिस

दूल्हा-दुल्हन, उनके परिजन और प्रेमी को पुलिस रात 2 बजे तक समझाती रही, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दूल्हे पक्ष ने रिसेप्शन रद्द कर दी और दुल्हन पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग कर दी। इस दौरान पुलिस ने प्रेमी को लॉकअप में बंद कर दिया और दुल्हन को लौटना पड़ा। मनेन्द्रगढ़ इलाके में एक विवाह ने उस वक्त विवाद का रूप धारण कर लिया, जब शादी के महज दूसरे दिन ही दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया और दावा किया कि वह युवती (दुल्हन) के साथ 3 साल से रिलेशनशिप में है।

आज भी चर्चित है ये मामला

ये बात कुछ दिन पहले की है, लेकिन आज भी चर्चित है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। इसलिए अपनी गर्लफ्रेंड को किसी और की होते नहीं देख सकता। बताया जा रहा है कि युवती की रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ शादी हुई थी। परिवार शादी के बाद रिसेप्शन की तैयारी में जुटा था। इसी बीच प्रेमी अचानक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। यहां उसने दुल्हन से मिलने की जिद शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और घर के बाहर भीड़ लग गई।

3 साल से संपर्क में थे दोनों

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेमी लगातार यह कहता रहा कि युवती पिछले 3 साल से उसके साथ रिश्ते में थी और परिवार के दबाव में शादी हुई। ससुराल पक्ष इस घटनाक्रम से हैरान और नाराज नजर आया। शादी के दो दिन बाद अचानक यह विवाद चर्चा का विषय बन गया। दुल्हन के मायके वालों को भी थाने बुलाया गया। उसके बाद लडक़ी पक्ष ने मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पहुंच जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात को संभालने की कोशिश की। विवाद बढ़ता देख पुलिस दूल्हा-दुल्हन और कथित प्रेमी को थाने लेकर पहुंची। लडक़ी के मायके और दुल्हे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। यहां रात करीब 2 बजे तक पूछताछ चलती रही, लेकिन कई घंटे तक चले ड्रामे के बाद कोई समाधान नहीं निकला। थाना प्रभारी ने दुल्हन के परिजन व दूल्हे को बुलाकर आपस में बात भी करवाई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकल पाया। दूल्हे ने थाना में साफ कहा कि दुल्हन को अब वह नहीं रखेगा। फिर अपने परिवार के साथ निकल गया।

देररात तक जिद पर अड़ा रहा प्रेमी

बताया जा रहा है कि प्रेमी थाने में भी जिद पर अड़ा रहा और युवती के साथ रहने की बात कहता रहा। मामले में पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका के चलते लॉकअप में बंद कर दिया। घटनाक्रम के बाद दूल्हा और उसका परिवार बेहद नाराज हो गया। शादी के बाद होने वाला रिसेप्शन भी रद्द कर दिया गया। इससे दुल्हन को बिना रिसेप्शन थाने से ही अपने मायके लौटना पड़ गया। शादी के लिए इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। लकड़ी पक्ष ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जबकि दूल्हे ने शिकायत कर कहा कि मुझे अब तलाक चाहिए, क्योंकि धोखे में रख कर मेरी शादी कराई गई है। मेरे पूरा सामान लौटाया जाए।

Also Read :

Exit mobile version