Dainik Savera Times

छुट्टी मांगने का अनोखा तरीका देख बॉस भी हो गया खुश, मेल पढ़ते ही लीव कर दी अप्रूव

अजब-गजब: ऑफिस में छुट्टी लेने के लिए लोग अक्सर तरह-तरह के बहाने बनाते हैं। कभी अचानक तबीयत खराब होने की बात, कभी किसी रिश्तेदार की शादी, तो कभी घर में कोई इमरजेंसी। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक ईमेल ने छुट्टी मांगने के सभी पुराने तरीकों को पीछे छोड़ दिया है। इस ईमेल में कर्मचारी ने न कोई बहाना बनाया और न ही किसी मजबूरी का हवाला दिया, बल्कि उसने पूरी ईमानदारी से छुट्टी की वजह बता दी।

छुट्टी मांगने का अनोखा तरीका बना इंटरनेट का फेवरेट

वायरल तस्वीर में दिखाई दे रही इस ईमेल का विषय था “Leave Request for 16th December”। मेल की शुरुआत कर्मचारी ने साधारण “Hi Sir” से की और फिर सीधे मुद्दे पर आ गया। उसने लिखा कि वह 16 दिसंबर को छुट्टी लेना चाहता है क्योंकि उसकी गर्लफ्रेंड 17 दिसंबर को उत्तराखंड अपने घर जा रही है और जनवरी की शुरुआत तक वापस नहीं आएगी। ऐसे में वह उसके जाने से पहले पूरा दिन उसके साथ बिताना चाहता है।

ईमेल की भाषा बेहद सरल और सम्मानजनक थी। न कोई भावुक ड्रामा, न ही घुमा-फिराकर कही गई बात। आखिर में कर्मचारी ने विनम्रता से छुट्टी देने का अनुरोध किया और “Regards” लिखकर मेल समाप्त कर दी। इस बेबाक ईमानदारी ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया और लोग मजाकिया अंदाज में कहने लगे कि “इतना सच भी नहीं बोलना था।”

बॉस का जवाब भी हुआ वायरल

इस कहानी में ट्विस्ट तब आया जब बॉस का जवाब भी सामने आया। बॉस ने अपने रिप्लाई में लिखा कि पहले ऐसे मामलों में अचानक सुबह बीमार पड़ने वाली मेल आती थीं, लेकिन अब समय बदल रहा है और उन्हें यह साफ-सुथरा और ईमानदार तरीका ज्यादा पसंद आया। उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी जोड़ा कि प्यार के सामने भला कौन मना कर सकता है।

आखिर में बॉस ने “Leave Approved” लिखकर मेल खत्म की। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग कहने लगे कि काश हर ऑफिस में ऐसे समझदार और दिलदार बॉस हों।

Exit mobile version