Viral Video: माता-पिता के साथ कुछ गलत होता है, तो बच्चों को भी काफी दुख होता है। खासकर जब बात पिता की हो, तो बच्चे उनका दर्द देखकर गुस्सा हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के वाराणसी से सामने आया है। बता दें कि यहां पिता के साथ मारपीट होने से नाराज दो बेटियां डोसा की दुकान पर पहुंच गईं और वहां जमकर हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़कियां दुकान पर रखा सामान नीचे फेकती नजर आ रही है।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला वाराणसी के महमूरगंज इलाके का है। यहां एक डोसा दुकानदार और उसके कर्मचारियों पर दो लड़कियों के पिता को पीटने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि 4 नवंबर को दुकानदार और उसके कर्मचारियों ने मिलकर लड़कियों के पिता की पिटाई की थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, भेलूपुर थाने में दुकानदार और उसके कर्मचारियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था। हालांकि, परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी करीब डेढ़ हफ्ते तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
पापा का अपमान,बेटियां थी परेशान..
वाराणसी महमूरगंज क्षेत्र,मशहूर डोसा वाले के यहां दो लड़कियों ने अपने पापा से हुई मारपीट का गुस्सा इजहार करने पहुंची। दरअसल डोसा वालो ने मिलकर बेटियों के पापा को 4 नवबंर को खूब मारा. इस मामले में भेलूपुर थाना में डोसा वाले और उनके कर्मचारियों के खिलाफ 109 के तहत मुकदमा दर्ज लेकिन डोसा वाले कि पहुंच ऊपर तक होने के चक्कर में डेढ़ हफ्ते तक कोई कार्रवाई नही। इसी बात से खफा बेटियों ने डोसे वाले के दुकान पर जाकर वीडियो बना गुस्से का इजहार करना शुरू किया। इधर डोसे वाले के कर्मचारियों ने भी गुंडा टैक्स मांगने का आरोप लगा वीडियो बनाया जिससे बेटियां गुस्से में बेकाबू हो गई और दुकान में तोड़फोड़ कर डाला।
यह स्थिति बेहद संवेदनशील और पीड़ादायक है।
जब किसी परिवार के मुखिया पर जानलेवा हमला हो और हफ्तों तक कोई कार्रवाई न दिखे, तो परिवार के भीतर हताशा, बेबसी और गुस्सा पनपना स्वाभाविक है।हालांकि कानून के दायरे में रहकर उठाया गया कदम ही केस को मजबूत रखता है, क्योंकि गलत या उग्र तरीका कई बार खुद पीड़ित परिवार के खिलाफ़ चला जाता है। यदि आपके मामले में पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करती है तो कई अन्य तरीके हैं जिससे अपनी बातों को आप पहुंच सकते हैं यह तरीका सही नहीं था बाकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो हम यही दुआ करते हैं.— Tushar Rai (@tusharcrai) November 16, 2026
पिता के लिए दुकान पर पहुंचीं दोनों बेटियां
पिता के साथ हुई मारपीट से दोनों बेटियां काफी नाराज थीं। पुलिस की तरफ से कार्रवाई में देरी होने पर उनका गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद दोनों उस डोसा की दुकान पर पहुंच गईं। दुकान पर पहुंचकर दोनों ने वीडियो बनाना शुरू किया और दुकानदार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान उनकी दुकान पर मौजूद कर्मचारियों से बहस भी हो गई।
गुस्से में दुकान का सामान फेंका
मामला तब और बढ़ गया, जब दुकान के कर्मचारियों ने भी लड़कियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने उन पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया। इस बात से दोनों लड़कियां और गुस्सा हो गईं। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखा सामान उठाकर नीचे फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दुकान का सामान इधर-उधर बिखर गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो पर लोग दे रहे हैं अलग-अलग राय
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोग दोनों बेटियों का साथ दे रहे हैं। उनका कहना है कि पिता के साथ हुई घटना के बाद उनका गुस्सा होना स्वाभाविक है। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि गुस्से में दुकान का सामान फेंकना सही नहीं है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस से शिकायत करके कानून के हिसाब से कार्रवाई करवानी चाहिए। फिलहाल इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।

