Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

वाराणसी: दुकान से 10 हजार के अंडरगारमेंट्स चुराए, महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष का नाम सामने आया (Video)

February 26, 2026

वाराणसी: दुकान से 10 हजार के अंडरगारमेंट्स चुराए, महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष का नाम सामने आया (Video)

नेशनल डेस्क: वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर इलाके में स्थित ‘अमाते स्टोर’ नाम की अंडरगारमेंट्स की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन महिलाएं दुकान से करीब 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स बिना भुगतान किए लेकर चली गईं। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। दुकानदार सुदीप सिंह ने इस मामले में चेतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 379 (चोरी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई चोरी?

एफआईआर के अनुसार, 24 फरवरी की शाम तीन महिलाएं दुकान में आईं। उन्होंने सेल्स गर्ल को बातों में उलझा दिया। इसी दौरान उनमें से एक महिला ने कुछ अंडरगारमेंट्स अपने बैग में रख लिए। थोड़ी देर बाद तीनों बिना कोई सामान खरीदे दुकान से निकल गईं। बाद में जब दुकान का स्टॉक मिलाया गया तो करीब 10 हजार रुपये का सामान कम पाया गया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी का पता चला।

 

किस पर लगा आरोप?

इस मामले में वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी पर आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि वह नगर निगम की पूर्व ब्रांड एंबेसडर भी रह चुकी हैं। आरोप है कि वह अपनी बेटी और ननद के साथ दुकान में आई थीं। हालांकि, सुनीता सोनी ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है।

आरोपी पक्ष की सफाई

सुनीता सोनी का कहना है कि वह जौनपुर से आई अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ दुकान गई थीं। उनका दावा है कि उन्हें नहीं पता कि उनके साथ आई महिलाओं ने क्या किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें इस मामले की जानकारी मिली, उन्होंने दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश की ताकि अगर कोई सामान गलती से चला गया हो तो उसका भुगतान किया जा सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। चूंकि इस मामले में एक जानी-मानी शख्सियत का नाम सामने आया है, इसलिए यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें