Weight Loss Injection: दक्षिण-पूर्वी चीन के जियांग्सू प्रांत के सूजोउ में 28 साल की चेन नामक लड़की ने तेजी से पतली होने की चाह में ऐसा कदम उठाया कि उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडराने लगा। दरअसल सोशल मीडिया पर देखे गए एक वेट लॉस इंजेक्शन के विज्ञापन ने उसे आकर्षित किया। इसके अनुसार यह इंजेक्शन कुछ ही दिनों में 3–3.5 किलो वजन घटा सकता था।
चेन ने बिना किसी चिकित्सकीय परामर्श के तीन इंजेक्शन खरीद लिए, जिसकी कीमत 900 युआन (करीब 12,000 रुपये) थी। शुरुआत में उसने सिर्फ आधा डोज लेने का फैसला किया, क्योंकि उसने पहले कभी ऐसे किसी प्रोडक्ट का उपयोग नहीं किया था। इंजेक्शन लेने के तुरंत बाद ही उसे मतली, उल्टी और भूख में भारी कमी महसूस हुई, लेकिन उसने इसे सामान्य वेट लॉस प्रक्रिया का हिस्सा मानते हुए नजरअंदाज कर दिया।
पहले तीन दिनों में घटा 3 किलो वजन
पहले तीन दिनों में उसने 3 किलो वजन घटता देखा, जिससे उसे विश्वास हो गया कि इंजेक्शन काम कर रहा है। लेकिन चौथे दिन उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। उसे हरी और पीली उल्टियां होने लगीं। अस्पताल में जांच करने पर पता चला कि उसके पेट की अंदरूनी परत गंभीर रूप से जल चुकी थी। ईसीजी के दौरान वह खून की उल्टियां भी करने लगी और उसका पाचन तंत्र लगभग फट गया। उसकी नाड़ी तक रुक गई, लेकिन त्वरित इलाज से उसकी जान बचा ली गई। डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि पेट के घाव ठीक होने में समय लगेगा और वह कम से कम एक साल तक गर्भवती होने से बचे।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि चेन ने जो इंजेक्शन लिया था, वह नकली और अवैध था। इन इंजेक्शनों में चोरी की गई डायबिटीज की दवा मिलाई जाती थी। असल में हर इंजेक्शन की लागत सिर्फ 4 युआन (लगभग 45 रुपये) थी, लेकिन इसे कई गुना बढ़ाकर बेचा जा रहा था।
इस खबर के सोशल मीडिया पर फैलने के बाद लोग बेहद चिंतित हैं। कई लोग चेतावनी दे रहे हैं कि किसी भी विज्ञापन पर बिना जांच के विश्वास करना जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि वजन घटाने के लिए हमेशा प्रमाणित और सुरक्षित तरीकों का ही उपयोग करना चाहिए।

