Site icon Dainik Savera Times

Video : गर्लफ्रेंड को बाइक पर बैठाकर युवक कर रहा था रोमांस… ट्रैफिक पुलिस ने काटा तगड़ा चालान

नेशनल डेस्क : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती बाइक पर एक युवक और युवती के खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस 5 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक चला रहा है, जबकि युवती बाइक के पेट्रोल टैंक पर उल्टी (रिवर्स) दिशा में बैठी है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा है, जबकि युवती के हाथ में हेलमेट दिख रहा है। वहीं इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने युवक और युवती के खिलाफ सख्त कदम उठाए है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

दिल्ली नंबर की बाइक, नोएडा में स्टंट

आपको बता दें कि बाइक दिल्ली में रजिस्टर्ड है, लेकिन स्टंट नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर किया गया। इस रूट पर अक्सर तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग के मामले सामने आते हैं, लेकिन इस बार युवती के बैठने का तरीका और सार्वजनिक सड़क पर इस तरह का स्टंट लोगों को चौंका गया।

CCTV  फुटेज में कैद हुई घटना

दरअसल, यह घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र की है और इसका टाइमिंग दोपहर करीब 1:46 बजे का बताया गया है। यह सब एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, एक यूजर ने उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टैग कर दिया। इसके बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।

₹53,500 का भारी भरकम चालान

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने युवक और युवती के खिलाफ ₹53,500 का चालान काटा। पुलिस ने जिन नियमों के उल्लंघन के आधार पर चालान किया, उनमें शामिल हैं बिना हेलमेट वाहन चलाना। खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना। ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना और  वैध सरकारी निर्देशों की अवहेलना करना है। वहीं इस पूरे मामले पर डीसीपी लखन सिंह यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यह महज मस्ती नहीं, बल्कि सड़क पर दूसरों की जान को जोखिम में डालने जैसा गैरजिम्मेदाराना व्यवहार है।

पुलिस का सख्त संदेश   

नोएडा पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे स्टंट सार्वजनिक सड़कों पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बाइक स्टंट या लापरवाही से गाड़ी चलाना न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने अपील की है कि लोग सोशल मीडिया पर “लाइक और फॉलो” के चक्कर में इस तरह की हरकतें न करें, वरना कानूनी कार्रवाई होगी। इस घटना ने एक बार फिर ये साबित कर दिया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में लोग कानून और सुरक्षा की अनदेखी कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई यह दिखाती है कि अब ऐसे मामलों पर तुरंत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version