ऑटो डेस्क: भारत में बुजुर्गों और महिलाओं के बीच हल्के और आसान स्कूटर की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए Greaves Electric Mobility ने अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर Ampere Magnus Neo लॉन्च कर दिया है। इस स्कूटर की शुरुआती कीमत 86,999 रुपये एक्स-शोरूम रखी गई है और इसे खास तौर पर आरामदायक और आसान राइड के लिए डिजाइन किया गया है।
डिजाइन

नया मैग्नस नियो शहर में चलाने के लिए काफी सुविधाजनक माना जा रहा है। इसका वजन सिर्फ 103 किलोग्राम है, जिससे ट्रैफिक में इसे संभालना आसान हो जाता है। इसकी सीट की ऊंचाई 777 मिमी है, जिससे कम कद के लोग भी इसे आसानी से चला सकते हैं। इसके अलावा 158 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, जो खराब या ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर भी बेहतर राइडिंग अनुभव देता है।
फीचर्स
यह स्कूटर मिस्टिक मॉव, बटर येलो, ओशन ब्लू और माचा ग्रीन जैसे चार आकर्षक रंगों में उपलब्ध है। इसमें एलईडी डीआरएल के साथ सभी लाइट्स एलईडी हैं। साथ ही डिजिटल डिस्प्ले, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, साइड स्टैंड अलर्ट और अलग-अलग राइडिंग मोड्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। बेहतर ब्रेकिंग के लिए इसमें मजबूत ब्रेक सिस्टम और 10 इंच का रियर टायर भी मिलता है।
बैटरी और परफॉर्मेंस
मैग्नस नियो में 2.3 kWh की LFP (लिथियम आयरन फॉस्फेट) बैटरी दी गई है, जो सामान्य बैटरियों की तुलना में ज्यादा टिकाऊ मानी जाती है। कंपनी के अनुसार, यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर करीब 95 किलोमीटर तक चल सकता है और इसकी अधिकतम स्पीड 65 किमी/घंटा है। कंपनी का दावा है कि इसकी बैटरी 10 साल तक चल सकती है। इसे -40°C से 60°C तक के तापमान में टेस्ट किया गया है, जिससे यह भारत के अलग-अलग मौसम में सुरक्षित और भरोसेमंद साबित होता है।
कंपनी का कहना है कि यह स्कूटर एक ‘ईजी टू हैंडल फैमिली स्कूटर’ है, जिसे रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। चाहे छोटी दूरी तय करनी हो या लंबी यात्रा, यह स्कूटर आरामदायक और आसान राइड देने के लिए डिजाइन किया गया है।