Cars Under 10 Lakh With Automatic Transmission: भारतीय ऑटोमोबाइल मार्केट में पिछले कुछ वर्षों में ऑटोमेटिक गाड़ियों की मांग तेज़ी से बढ़ी है। पहले जहां लोग मैनुअल कारों को प्राथमिकता देते थे, वहीं अब सुविधा और आराम को देखते हुए ऑटोमेटिक विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। बता दें कि अच्छे फीचर्स और बेहतर ड्राइविंग कम्फर्ट के बावजूद कई ऑटोमेटिक कारें किफायती सेगमेंट में भी उपलब्ध हैं। खासकर 10 लाख रुपये की रेंज में टाटा, महिंद्रा और मारुति जैसी कंपनियों के कुछ मॉडल शानदार फीचर्स और सुरक्षा के साथ आते हैं।
टाटा नेक्सन (Tata Nexon)
टाटा की लोकप्रिय SUV नेक्सन 5-सीटर लेआउट में उपलब्ध है और यह देश की सबसे सुरक्षित कारों में से एक मानी जाती है। ग्लोबल NCAP से मिली 5-स्टार रेटिंग इसकी सुरक्षा को साबित करती है। कंपनी इस मॉडल को कई वेरिएंट्स में पेश करती है, जिनमें ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन वाले विकल्प भी शामिल हैं। नेक्सन छह रंग विकल्पों के साथ आती है और इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 7.32 लाख रुपये है, जो इसे अपने सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाती है।
महिंद्रा XUV 3XO (Mahindra XUV 3XO)
महिंद्रा की नई कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO अपनी दमदार परफॉर्मेंस और आधुनिक फीचर्स के लिए काफी चर्चा में है। यह कार दो पेट्रोल और एक डीज़ल इंजन विकल्प के साथ आती है। खरीदार मैनुअल या ऑटोमेटिक दोनों ही गियरबॉक्स में से चुन सकते हैं। 16 कलर ऑप्शन्स के साथ यह SUV काफी आकर्षक दिखती है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और ऑटो होल्ड जैसे फीचर्स भी शामिल हैं, जो इस कीमत पर कम ही देखने को मिलते हैं। इसकी कीमत 7.28 लाख रुपये से शुरू होकर 14.40 लाख रुपये तक जाती है।
मारुति बलेनो (Maruti Baleno)
मारुति की बलेनो हैचबैक सेगमेंट में एक प्रीमियम और बजट-फ्रेंडली ऑटोमेटिक कार है। इसमें हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा, क्रूज कंट्रोल और मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले जैसे फीचर्स उपलब्ध हैं। सेफ्टी के लिए इसके कुछ वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स भी मिलते हैं। रिवर्स पार्किंग सेंसर का फीचर इसे शहर में चलाने के लिए और भी सुविधाजनक बनाता है। बलेनो की कीमत 5.99 लाख रुपये से शुरू होकर 9.10 लाख रुपये तक जाती है।

