ऑटो डेस्क: भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV BE 6 उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में इस गाड़ी में आग लगने की घटना सामने आई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई यूजर्स ने इस आग को बैटरी खराबी या तकनीकी फेलियर से जोड़कर देखा, लेकिन अब महिंद्रा ने पूरे मामले की जांच के बाद स्थिति साफ कर दी है।
महिंद्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी की तकनीकी टीम ने गाड़ी के सेंसर डेटा और सॉफ्टवेयर सिस्टम की गहन जांच की, जांच के दौरान यह पाया गया कि SUV के सभी सेफ्टी सिस्टम पूरी तरह सही हालत में थे। कंपनी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसी सभी सुरक्षा सुविधाएं ठीक से काम कर रही थीं। इसके साथ ही बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक सिस्टम में किसी भी तरह की खराबी के संकेत नहीं मिले।
ये भी पढ़ें: Ajit Pawar Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए अजित पवार, दोनों बेटों ने दी मुखाग्नि; बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद
जांच में सामने आया कि आग लगने की असली वजह गाड़ी का पिछला दाहिना टायर पंचर होना था। महिंद्रा के मुताबिक, पंचर होने के बावजूद SUV को करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लगभग 10 मिनट से ज्यादा समय तक चलाया गया। इस दौरान TPMS की ओर से बार-बार टायर प्रेशर कम होने की चेतावनी दी गई, लेकिन गाड़ी को नहीं रोका गया।
कंपनी ने बताया कि पंचर टायर और सड़क के बीच लगातार घर्षण के कारण टायर का तापमान तेजी से बढ़ता चला गया। अत्यधिक गर्म होने की वजह से टायर में आग लग गई, जो धीरे-धीरे पूरी गाड़ी तक फैल गई यानी यह घटना किसी इलेक्ट्रिक फेलियर या बैटरी ब्लास्ट की वजह से नहीं हुई, बल्कि सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज करने के कारण हुई।
महिंद्रा ने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो फुटेज से साफ दिखाई देता है कि आग की शुरुआत टायर वाले हिस्से से हुई थी। यह घटना उस समय हुई, जब बुलंदशहर निवासी अमन खरबंदा अपनी महिंद्रा BE 6 से बुलंदशहर से हापुड़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुराना टोल प्लाजा के पास पहुंचे, गाड़ी से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।
ये भी पढ़ें: BREAKING : सुप्रीम कोर्ट ने UGC के नए नियमों पर रोक लगाई, जानें वजह