Mahindra Thar OG Launch: ऑफ-रोड SUV पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए महिंद्रा ने अपनी लोकप्रिय 3-Door Thar को नए अंदाज में पेश किया है। कंपनी ने अपडेटेड मॉडल को Mahindra Thar OG नाम दिया है। साल 2020 में मौजूदा जनरेशन Thar की शुरुआत के बाद यह इस SUV में किया गया एक बड़ा अपडेट माना जा रहा है।
नई Thar OG में कंपनी ने इसके पुराने रफ-एंड-टफ डिजाइन को बरकरार रखते हुए एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बदलाव किए हैं। खास बात यह है कि इसमें कुछ डिजाइन और फीचर एलिमेंट्स हाल ही में आई Thar Rox से प्रेरित नजर आते हैं।
बदला हुआ फ्रंट डिजाइन
नई Mahindra Thar OG के सामने वाले हिस्से में सबसे बड़ा बदलाव इसकी ग्रिल में देखने को मिलता है। इसे पहले की तुलना में नया डिजाइन दिया गया है, जिससे SUV का फ्रंट लुक ज्यादा आधुनिक दिखाई देता है। लाइटिंग सेटअप में भी बदलाव किया गया है। पुराने सेटअप की जगह अब LED हेडलैंप दिए गए हैं, जबकि पीछे नए सिग्नेचर LED टेल-लैंप शामिल किए गए हैं। इसके अलावा SUV को नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जिनका डिजाइन Thar Rox से प्रभावित नजर आता है।
केबिन में बढ़े आधुनिक फीचर्स
नई Thar OG के इंटीरियर में भी कंपनी ने काफी अपडेट किए हैं। ड्राइवर के सामने अब डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जिससे ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी डिजिटल स्क्रीन पर मिलती है। SUV में 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिलता है। इसमें Android Auto और Apple CarPlay का सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा पहली बार 3-Door Thar में फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स जैसे फीचर को शामिल किया गया है। केबिन के डैशबोर्ड और सीटों की अपहोल्स्ट्री को भी नए डिजाइन में तैयार किया गया है, जिससे अंदर का माहौल पहले की तुलना में ज्यादा प्रीमियम बनाने की कोशिश की गई है।
इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं
नई Thar OG में पहले वाले ही इंजन दिए गए हैं। इसमें 1.5-लीटर डीजल इंजन मिलता है, जो 300 Nm टॉर्क देता है। इसके अलावा 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन का विकल्प भी है। यह 4×4 के साथ आता है और इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स मिलते हैं। पेट्रोल वर्जन में 2.0-लीटर mStallion टर्बो इंजन दिया गया है। मैनुअल गियरबॉक्स के साथ यह 300 Nm, जबकि ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 320 Nm टॉर्क देता है।
शुरुआती कीमत 10.32 लाख रुपये
नई Thar OG की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.32 लाख रुपये रखी गई है। यह शुरुआती कीमत 30 नवंबर तक लागू रहने की बात कही गई है। नए डिजाइन और अतिरिक्त फीचर्स के साथ अपडेट की गई 3-Door Thar का मुकाबला भारतीय बाजार में मुख्य रूप से Maruti Suzuki Jimny और Force Gurkha 3-Door जैसी ऑफ-रोड SUV से रहेगा। नई Thar OG के जरिए महिंद्रा ने एक तरफ अपने पारंपरिक 3-Door ऑफ-रोडर डिजाइन को कायम रखा है, वहीं दूसरी तरफ आधुनिक फीचर्स जोड़कर इसे मौजूदा ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप अपडेट किया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...