MINI Cooper Convertible S: प्रीमियम कार निर्माता MINI ने भारतीय बाजार में अपनी नई जनरेशन MINI Cooper Convertible S को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह लग्जरी कन्वर्टिबल कार उन ग्राहकों के लिए पेश की गई है जो स्टाइल, परफॉर्मेंस और ओपन-एयर ड्राइविंग का अनोखा अनुभव चाहते हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 58.50 लाख रुपये तय की गई है। यह मॉडल पूरी तरह से इम्पोर्टेड यूनिट (CBU) के रूप में भारत में उपलब्ध कराया गया है। कंपनी ने इसकी बुकिंग देशभर के MINI डीलरशिप्स पर शुरू कर दी है और डिलीवरी भी तुरंत शुरू हो चुकी है।
डिजाइन में क्लासिक MINI की झलक, मॉडर्न टच के साथ
नई MINI Cooper Convertible S अपने आइकॉनिक डिजाइन को बरकरार रखते हुए आधुनिक बदलावों के साथ पेश की गई है। फ्रंट में गोल LED हेडलैंप दिए गए हैं, जिनमें अलग-अलग DRL सिग्नेचर देखने को मिलते हैं। नई डिजाइन वाली ग्रिल और खास वेलकम-गुडबाय लाइट फीचर कार को प्रीमियम लुक देता है, जिसमें MINI का लोगो जमीन पर प्रोजेक्ट होता है। साइड प्रोफाइल कॉम्पैक्ट और स्पोर्टी है, वहीं 18-इंच के नए अलॉय व्हील्स इसकी खूबसूरती बढ़ाते हैं। पीछे की ओर LED टेल लैंप और बीच में ब्लैक स्ट्रिप पर लिखा कार का नाम इसे अलग पहचान देता है। यह कार चार आकर्षक कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है।
Mini Cooper S Convertible launched at ₹58.50 lakh ex-showroom. pic.twitter.com/pI7XErUgIR
— Auto News India (ANI) (@TheANI_Official) December 13, 2025
सॉफ्ट-टॉप रूफ और एडवांस इंटीरियर
इस कन्वर्टिबल की सबसे बड़ी खासियत इसकी सॉफ्ट-टॉप रूफ है, जिसे सिर्फ 18 सेकंड में खोला जा सकता है। खास बात यह है कि 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड पर भी इसे ऑपरेट किया जा सकता है। रूफ को आंशिक रूप से खोलकर सनरूफ की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इंटीरियर में गोल आकार की OLED टचस्क्रीन दी गई है, जो इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और इंफोटेनमेंट सिस्टम दोनों का काम करती है। यह MINI के लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम पर आधारित है और वॉइस कमांड सपोर्ट भी देती है।
पावरफुल इंजन और जबरदस्त परफॉर्मेंस
नई MINI Cooper Convertible S में 2.0 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 201 बीएचपी की पावर और 300 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 7-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है। यह कार महज 6.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 240 किमी प्रति घंटा है। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग, ABS, रियर कैमरा और कई एडवांस ड्राइवर असिस्ट फीचर्स शामिल किए गए हैं।

