
नई दिल्ली: महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने मौजूदा बिक्री नेटवर्क के जरिये अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को बेचेगी। एमएंडएम के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि कंपनी ग्राहकों को एक जगह ही सभी विकल्प उपलब्ध कराना चाहता है। मुंबई स्थित कॉर विनिर्माता ने दो नये मॉडल – बीई 6ई और एक्सईवी 9ई पेश करके अपने इलेक्ट्रिक वाहन रेंज का विस्तार किया है।
एमएंडएम के ऑटो और कृषि क्षेत्रों के कार्यकारी निदेशक तथा सीईओ राजेश जेजुरिकर ने पीटीआई-भाषा से कहा, हम बिक्री चैनल को एक जैसा इसलिए रखना चाहते हैं, ताकि ग्राहक को आईसीईऔर ईवी के बीच विकल्प मिल सके। वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या कंपनी अपने ईवी रेंज के लिए एक अलग बिक्री नेटवर्क स्थापित करने पर भी विचार करेगी।
गौरतलब है कि टाटा मोटर्स ने ईवी मॉडल बेचने के लिए एक अलग बिक्री चैनल स्थापित किया है। नए पेश किए गए ईवी मॉडल – बीई 6ई और एक्सईवी 9ई की डिलीवरी अगले साल फरवरी-मार्च में शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी इस समय बाजार में एक इलेक्ट्रिक मॉडल – एक्सयूवी 400 बेचती है।
ईवी के लिए अलग बिक्री नेटवर्क न होने के कारणों के बारे में विस्तार से बताते हुए, जेजुरिकर ने कहा, ग्राहकों को हमारे आउटलेट में आकर सभी उत्पाद देखने चाहिए, ताकि फिर वे चुन सकें, और कभी-कभी वे एक से अधिक (मॉडल) ले लेंगे। तो यह एक तरीका है, जिससे मांग बढ़ती है। उन्होंने कहा कि कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री और सेवा को संभालने के लिए बिक्री आउटलेट पर एक विशेष टीम बना रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...