Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

नई कार को मॉडिफाई कराने का है प्लान? पहले जानें क्या है जरूरी नियम

August 16, 2026

नई कार को मॉडिफाई कराने का है प्लान? पहले जानें क्या है जरूरी नियम

Car Modification: नई कार खरीदने के बाद कई लोग उसे अपनी पसंद के हिसाब से बदलवाते हैं। कोई कार का लुक बेहतर करने के लिए बॉडी किट लगवाता है, तो कोई बड़े टायर, नई लाइट या अलग एग्जॉस्ट लगवाता है। लेकिन ध्यान रखें, हर तरह का कार मॉडिफिकेशन कानून के हिसाब से सही नहीं होता। कुछ बदलावों पर चालान हो सकता है और कुछ से कार की सेफ्टी भी प्रभावित हो सकती है। इसलिए कार को मॉडिफाई कराने से पहले यह जानना जरूरी है कि कौन से बदलाव सुरक्षित हैं और किनसे बचना चाहिए।

टायर बदल सकते हैं, लेकिन साइज का रखें ध्यान

कार में नए टायर लगाए जा सकते हैं, लेकिन उनका साइज और क्षमता कार के हिसाब से सही होनी चाहिए। बहुत बड़े या गलत साइज के टायर लगाने से कार चलाने में दिक्कत हो सकती है। इसी तरह सस्पेंशन में भी बदलाव किया जा सकता है, लेकिन कार को बहुत ज्यादा ऊपर या नीचे नहीं करना चाहिए। इससे कार का बैलेंस बिगड़ सकता है और चलाने में परेशानी हो सकती है।

बॉडी किट और LED लाइट लगा सकते हैं

कार को स्टाइलिश बनाने के लिए बॉडी किट, साइड क्लैडिंग और फ्रंट स्प्लिटर जैसे सामान लगाए जा सकते हैं। लेकिन इनसे कार के मूल ढांचे में बड़ा बदलाव नहीं होना चाहिए। LED DRL जैसी लाइट भी लगाई जा सकती है, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि लाइट की फिटिंग नियमों के अनुसार हो और इससे दूसरे वाहन चालकों को परेशानी न हो।

कार का रंग बदलने पर रखें ध्यान

अगर आप अपनी कार का रंग बदलना चाहते हैं, तो पहले RTO के नियमों का ध्यान रखना जरूरी है। रंग बदलने के बाद कार के कागजों में भी इसकी जानकारी बदलवानी पड़ सकती है। कार पर रैप या विनाइल भी लगवा सकते हैं। इससे कार का लुक बदल जाता है और उसका असली पेंट भी सुरक्षित रहता है। लेकिन रैप लगवाते समय भी नियमों का ध्यान रखना चाहिए।

CNG किट लगवाने पर RTO में अपडेट जरूरी

अगर पेट्रोल कार में CNG किट लगवानी है, तो इसे किसी अधिकृत जगह से ही लगवाएं। किट लगने के बाद कार के कागजों में भी CNG की जानकारी अपडेट करवानी जरूरी होती है। बिना नियमों का पालन किए CNG किट लगवाने से बाद में परेशानी हो सकती है।

इन मॉडिफिकेशन से बचना चाहिए

कार में बहुत तेज आवाज वाला हॉर्न नहीं लगवाना चाहिए। इसी तरह कार में जरूरत से ज्यादा बड़े अलॉय व्हील या गलत साइज के टायर लगाने से भी बचना चाहिए। कार की खिड़कियों पर बहुत गहरी काली फिल्म लगाना भी सही नहीं है। शीशे से बाहर साफ दिखाई देना जरूरी है। इसलिए ज्यादा डार्क टिंट फिल्म न लगवाएं।

लाउड एग्जॉस्ट भी पड़ सकता है भारी

कई लोग कार की आवाज को तेज और स्पोर्टी बनाने के लिए आफ्टरमार्केट एग्जॉस्ट लगवाते हैं। लेकिन बहुत ज्यादा आवाज करने वाला एग्जॉस्ट ध्वनि प्रदूषण बढ़ा सकता है और नियमों के खिलाफ हो सकता है।इसलिए केवल आवाज बदलने के लिए कार के ओरिजिनल एग्जॉस्ट में बड़ा बदलाव कराने से बचना बेहतर है।

फैंसी नंबर प्लेट न लगवाएं

नंबर प्लेट को स्टाइलिश बनाने के लिए उस पर अलग डिजाइन, फॉन्ट या ऐसी चीजें लगाना सही नहीं है जिससे नंबर साफ दिखाई न दे। कार में नियमों के अनुसार नंबर प्लेट लगाना जरूरी है।

मॉडिफिकेशन से पहले क्या करें?

कार में बदलाव कराने से पहले तीन चीजों का खास ध्यान रखें कानून, सेफ्टी और कार की कंपनी की स्पेसिफिकेशन। अगर किसी बदलाव से कार का मूल ढांचा, सुरक्षा, प्रदूषण या सड़क पर दूसरे लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है, तो उसे कराने से बचना चाहिए। खासकर कार का रंग बदलने, CNG किट लगाने या किसी बड़े तकनीकी बदलाव से पहले RTO के नियम जरूर जांच लें। थोड़ी सावधानी आपको चालान और आगे होने वाली कानूनी परेशानी से बचा सकती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें