Site icon Dainik Savera Times

Tata Motors ने लॉन्च की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी कर्व ईवी, कीमत 17.49 लाख से शुरू

मुंबई: भारतीय ऑटोमोटिव कंपनी टाटा मोटर्स की ओर से बुधवार को नई इलेक्ट्रिक एसयूवी टाटा कर्व ईवी को लॉन्च किया गया है। इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 17.49 लाख रुपये रखी गई है और इसके सबसे ऊंचे मॉडल की शुरुआती कीमत 21.99 लाख रुपये है।

टाटा कर्व ईवी में 45 किलोवाट और 50 किलोवाट के दो बैटरी पैक दिए गए हैं, जिनकी रेंज क्रमश: 502 किलोमीटर और 585 किलोमीटर है। यह गाड़ी 0 से 100 किलोमीटर की स्पीड 8.6 सेकंड में छू सकती है।

कंपनी की ओर से कहा गया कि ये ईवी 15 मिनट में 150 किलोमीटर की रेंज तक चार्ज हो सकती है। टाटा कर्व ईवी में तीन मोड ईको, सिटी और स्पोर्ट दिए गए हैं।

टाटा कर्व ईवी में 31.24 सेंटीमीटर की हरमन की टचस्क्रीन, 26.03 सेंटीमीटर का डिजिटल कॉकपिट और जेबीएल साउंड सिस्टम, एडवांस ओटीए क्षमताएं, स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

टाटा कर्व में ऑटोमेटिक हेडलैंप, ऑटोमेटिक वाइपर, ऑटोमेटिक टेंपरेचर कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, कीलेस एंट्री और पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप बटन दिया गया है।

टाटा मोटर्स ने आगे कहा कि कंपनी भविष्य में दो पेट्रोल इंजन और एक डीजल इंजन के इस एसयूवी को लॉन्च करेगी। यह 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड के ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आएगी। यह गोल्ड एसेंस, डेटोना ग्रे, प्रिस्टीन व्हाइट, फ्लेम रेड, प्योर ग्रे और ओपेरा ब्लू रंगों में आएगी।

Exit mobile version