Site icon Dainik Savera Times

Tata Motors का इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में दोबारा कायम रहा दबदबा , 50% हिस्सेदारी का रखा लक्ष्य

मुंबई: देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने एक बार फिर से भारतीय इलेक्ट्रिक यात्री वाहन (EV) बाजार में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। कंपनी का मानना है कि आने वाले डेढ़ से दो साल में वह अपने विस्तृत और नवीनीकृत उत्पाद पोर्टफोलियो की मदद से इस मुकाम तक पहुंच सकती है।

टाटा पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में बताया कि EV बाजार अब तेजी से विस्तार कर रहा है और यह चार प्रमुख खंडों 8-12 लाख रुपये, 12-20 लाख रुपये, 20 लाख से अधिक, और फ्लीट सेगमेंट में बंट चुका है। टाटा मोटर्स का फोकस इन सभी सेगमेंट्स में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने पर है।

-मौजूदा स्थिति और रणनीति:

शैलेश चंद्रा के अनुसार, टाटा मोटर्स की मौजूदा बाजार हिस्सेदारी करीब 40-41% है, जो पिछले वित्त वर्ष में 55% थी। इसमें गिरावट का प्रमुख कारण फ्लीट सेगमेंट में कमी और मिड-सेगमेंट (12-20 लाख रुपये) में बढ़ती प्रतिस्पर्धा है।

8-12 लाख रुपये सेगमेंट: इस वर्ग में टाटा की टियागो.ईवी और पंच.ईवी जैसी गाड़ियां पहले से ही मजबूत स्थिति में हैं, और कंपनी की हिस्सेदारी लगभग 75% है। कंपनी इस वर्ग को और अधिक विस्तार देने की योजना पर काम कर रही है।

12-20 लाख रुपये सेगमेंट: यह सबसे प्रतिस्पर्धी खंड है, जहां हर प्रमुख ब्रांड के उत्पाद मौजूद हैं। टाटा की हिस्सेदारी यहां 33-35% तक सिमट गई है। लेकिन कंपनी नेक्सन.ईवी और अपकमिंग कर्व.ईवी के साथ इस सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने की योजना बना रही है।

20 लाख रुपये से अधिक सेगमेंट: इस प्रीमियम श्रेणी में टाटा मोटर्स अब तक मौजूद नहीं थी। लेकिन जल्द ही हैरियर.ईवी और सिएरा.ईवी लॉन्च कर इस वर्ग में कदम रखने जा रही है, जिससे नए ग्राहकों को आकर्षित किया जा सके।

फ्लीट सेगमेंट: पिछले वर्ष FAME सब्सिडी के बंद हो जाने से इस वर्ग में टाटा को चुनौती का सामना करना पड़ा। अब कंपनी EV की स्वामित्व लागत को CNG के बराबर लाने के लिए रणनीति बना रही है, ताकि यह सेगमेंट फिर से सक्रिय हो सके।

-उत्पादन और बिक्री का लक्ष्य:

कंपनी ने वर्ष 2024-25 में लगभग 65,000 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की है, जो पिछले साल की तुलना में 10% कम है। इसके बावजूद, टाटा मोटर्स भविष्य में EV बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है।

ये भी पढ़ें- OTT पर छाई ‘पीकी ब्लाइंडर्स: द इमॉर्टल मैन’, 50 देशों में कर रही ट्रेंड

Exit mobile version