ऑटो डेस्क. टेस्ला ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार Model Y का नया वर्जन Model Y Standard लॉन्च कर दिया है। यह अब तक की कंपनी की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक SUV है। इसकी शुरुआती कीमत $41,630 (करीब 34.7 लाख रुपये) रखी गई है, जो पुराने बेस वेरिएंट से करीब 4.2 लाख रुपये सस्ती है। टेस्ला का कहना है कि इस नए मॉडल को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कुछ फीचर्स कम किए गए हैं, लेकिन इसकी परफॉर्मेंस और रेंज पहले जैसी ही दमदार है।

डिजाइन में क्या बदला है?
Model Y Standard का लुक पहले जैसा ही है, लेकिन कुछ छोटे बदलाव किए गए हैं। पहले की पैनोरमिक ग्लास रूफ की जगह अब सॉलिड मेटल रूफ दी गई है, जिससे केबिन का तापमान नियंत्रण और इंसुलेशन बेहतर हुआ है। लेदर सीट्स की जगह अब फैब्रिक सीट्स दी गई हैं। फ्रंट लाइट बार को भी थोड़ा सिंपल डिज़ाइन दिया गया है। इन बदलावों के बावजूद SUV का एयरोडायनामिक और मिनिमल डिजाइन टेस्ला की पहचान को बनाए रखता है। फ्लश डोर हैंडल्स, स्लीक बॉडी लाइन्स और क्लीन प्रोफाइल इसे एक प्रीमियम और मॉडर्न लुक देते हैं।
ये भी पढ़ें: कीर स्टार्मर की मुंबई में PM Modi से आज अहम बैठक, विजन 2035 पर होगी चर्चा
इंटीरियर और फीचर्स
Model Y Standard पहले की तरह टेक्नोलॉजी से भरपूर है। इसके सेंटर में 15.4 इंच का बड़ा टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है, जिससे कार के लगभग सभी फंक्शंस को कंट्रोल किया जा सकता है। हालांकि, कीमत घटाने के लिए कुछ लग्जरी फीचर्स हटाए गए हैं। स्टीयरिंग अब मैन्युअली एडजस्टेबल है। फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स और रियर सीट हीटिंग हटा दी गई है। पिछली सीटों के लिए 8 इंच का एंटरटेनमेंट स्क्रीन भी अब मौजूद नहीं है। फिर भी टेस्ला की ऑटोपायलट टेक्नोलॉजी, ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट्स और स्मूद ड्राइविंग एक्सपीरियंस इसे अब भी EV मार्केट में खास बनाते हैं।
परफॉर्मेंस और रेंज
Model Y Standard में कंपनी का वही भरोसेमंद पावरट्रेन दिया गया है। इसमें सिंगल रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर और 69.5 kWh बैटरी पैक मिलता है। यह SUV करीब 300 हॉर्सपावर की पावर देती है। एक बार चार्ज करने पर यह 517 किलोमीटर तक चल सकती है। 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार यह सिर्फ 6.8 सेकंड में पकड़ लेती है।
ये भी पढ़ें: उचाना विधानसभा चुनाव मामला : सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई पर रोक लगाई
मुकाबला
Model Y Standard का सीधा मुकाबला अब BYD Atto 3 और BYD Seal EV जैसी इलेक्ट्रिक कारों से होगा।
भारत में लॉन्च की उम्मीद
फिलहाल भारत में टेस्ला की दो गाड़ियां उपलब्ध हैं, जिनमें Model Y RWD (ऑन-रोड कीमत: ₹63.11 लाख) और Model Y Long Range (ऑन-रोड कीमत: ₹71.71 लाख) शामिल है। नया Model Y Standard अभी सिर्फ ग्लोबल मार्केट में उतारा गया है, लेकिन उम्मीद है कि Tesla इसे 2026 की शुरुआत तक भारत में लॉन्च कर सकती है।