ऑटो डेस्क: इस साल बाइक कंपनियों ने लगभग हर सेगमेंट में नए और दमदार मॉडल लॉन्च किए। चाहे कम इंजन क्षमता वाली स्पोर्ट्स बाइक हो या फिर लंबी दूरी के लिए बनी एडवेंचर बाइक और हाई-परफॉर्मेंस मशीन हर तरह के राइडर्स को ध्यान में रखकर नई मोटरसाइकिलें पेश की गईं। 2025 में लॉन्च हुई बाइक्स पहले से ज्यादा पावरफुल, टेक्नोलॉजी से लैस और सेफ्टी के मामले में भी काफी आगे नजर आईं। TFT डिस्प्ले, राइडिंग मोड्स, बेहतर सस्पेंशन और एडवांस ब्रेकिंग सिस्टम अब आम फीचर बन चुके हैं।
Honda CB125 Hornet

Honda CB125 Hornet ने यह साबित कर दिया कि छोटी इंजन कैटेगरी में भी प्रीमियम फील दी जा सकती है। इस बाइक में USD फ्रंट फोर्क्स, फुल LED लाइटिंग और आधुनिक TFT डिजिटल मीटर दिया गया है, जो आमतौर पर बड़ी बाइक्स में देखने को मिलता है। इसका इंजन बेहद स्मूद है और शहर के साथ-साथ हल्की हाईवे राइड के लिए भी अच्छा प्रदर्शन करता है। यही वजह है कि यह बाइक TVS Raider और Hero Xtream जैसी लोकप्रिय बाइक्स को कड़ी टक्कर देती नजर आई।
KTM 390 Adventure
फरवरी 2025 में लॉन्च हुई नई जनरेशन KTM 390 Adventure ने आते ही एडवेंचर बाइक सेगमेंट में अपनी मजबूत पहचान बना ली। इसमें 399cc का दमदार इंजन दिया गया है, जो लगभग 45 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है। बाइक में एडजस्ट होने वाला सस्पेंशन, क्रूज कंट्रोल, अलग-अलग ऑफ-रोड मोड्स और एडवांस इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स मिलते हैं। लंबी दूरी की यात्रा और ऑफ-रोडिंग पसंद करने वालों के लिए यह बाइक एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आई है और Royal Enfield Himalayan 450 को सीधी चुनौती दे रही है।
TVS Apache RTX 300
अक्टूबर 2025 में लॉन्च हुई TVS Apache RTX 300 कंपनी की पहली पूरी एडवेंचर मोटरसाइकिल है। इसमें 299cc का नया इंजन दिया गया है, जो करीब 35 हॉर्सपावर की पावर देता है। बाइक में TFT स्क्रीन, क्रूज कंट्रोल, स्विचेबल ABS और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर जैसे फीचर्स शामिल हैं। लगभग 1.99 लाख रुपये की कीमत के साथ यह बाइक KTM और Royal Enfield की एडवेंचर बाइक्स को कड़ी टक्कर देती है।
Royal Enfield Classic 650
मार्च 2025 में लॉन्च हुई Royal Enfield Classic 650 का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। लॉन्च के साथ ही यह बाइक राइडर्स के बीच काफी लोकप्रिय हो गई। इसमें 648cc का पैरलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो शानदार पावर और दमदार साउंड के लिए जाना जाता है। रेट्रो लुक और मॉडर्न परफॉर्मेंस का मेल इस बाइक को खास बनाता है। यह उन लोगों के लिए है, जो क्लासिक डिजाइन के साथ ज्यादा ताकत चाहते हैं।
Aprilia Tuono 457
फरवरी 2025 में लॉन्च हुई Aprilia Tuono 457 एक प्रीमियम नेकेड स्ट्रीटफाइटर बाइक है। इसमें 457cc का ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो करीब 47 हॉर्सपावर की पावर जनरेट करता है। बाइक में क्विकशिफ्टर, ट्रैक्शन कंट्रोल और शानदार हैंडलिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। यह बाइक खास तौर पर उन राइडर्स के लिए है, जो तेज रफ्तार और शानदार परफॉर्मेंस चाहते हैं और KTM 390 Duke को सीधी चुनौती देती है।