Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

यामाहा की पहली हाइब्रिड मोटरसाइकिल 2025 ‘FZ-S Fi Hybrid’ लॉन्च, दमदार परफॉर्मेंस और आधुनिक फीचर्स से लैस

March 11, 2025

यामाहा की पहली हाइब्रिड मोटरसाइकिल 2025 ‘FZ-S Fi Hybrid’ लॉन्च, दमदार परफॉर्मेंस और आधुनिक फीचर्स से लैस

India Yamaha Motor(आकाश द्विवेदी) : इंडिया यामाहा मोटर (IYM) ने भारत में 150cc सेगमेंट की पहली हाइब्रिड मोटरसाइकिल, 2025 ‘FZ-S Fi Hybrid’ लॉन्च कर दी है। यह नई बाइक ₹1,44,800 (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की कीमत पर उपलब्ध होगी। यामाहा की इस मोटरसाइकिल का डिज़ाइन पूरी तरह से संतुलित और आधुनिक है। टैंक कवर पर दी गई शार्प एज इसे आकर्षक और दमदार लुक देती है। बाइक की प्रमुख डिजाइन अपडेट्स में आगे के टर्न सिग्नल को एयर इनटेक एरिया में लगाया गया है, जिससे यह ज्यादा एयरोडायनैमिक दिखती है।

इस बाइक में 149cc का ब्लू कोर इंजन दिया गया है, जो अब OBD-2B मानकों के अनुरूप है। बाइक में यामाहा का स्मार्ट मोटर जनरेटर और स्टॉप एंड स्टार्ट सिस्टम मौजूद है, जो ट्रैफिक में फ्यूल बचाने में मदद करता है। जब बाइक रुकी होती है, तो यह सिस्टम इंजन को अपने आप बंद कर देता है और क्लच दबाते ही इंजन तुरंत चालू हो जाता है। यह तकनीक ईंधन दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।

राइडर की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई ‘FZ-S Fi Hybrid’ में 4.2 इंच का रंगीन TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो Y-Connect ऐप के माध्यम से स्मार्टफोन से जुड़ सकता है। इसमें गूगल मैप्स इंटीग्रेशन के साथ टर्न-बाय-टर्न नैविगेशन की सुविधा दी गई है, जिससे राइडिंग अनुभव और भी आसान और परेशानी मुक्त हो जाता है। लंबी यात्राओं के दौरान आराम के लिए बाइक के हैंडलबार की स्थिति को बेहतर किया गया है और स्विच गियर को एडजस्ट किया गया है ताकि दस्ताने पहनकर भी इन्हें आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। इसके अलावा, हॉर्न स्विच की पोजीशन को भी बदला गया है ताकि राइडर को अधिक सुविधा मिले।

नई ‘FZ-S Fi Hybrid’ में एयरप्लेन-स्टाइल फ्यूल कैप दिया गया है, जो रीफ्यूलिंग के दौरान जुड़ा रहता है। यह मोटरसाइकिल दो नए रंगों – रेसिंग ब्लू और सायन मेटैलिक ग्रे में उपलब्ध होगी। इसके स्टाइलिश लुक, आधुनिक फीचर्स और दमदार परफॉर्मेंस के चलते यह बाइक युवाओं को आकर्षित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

लॉन्च के मौके पर यामाहा मोटर इंडिया ग्रुप के चेयरमैन इतारू ओतानी ने कहा, “भारत में यामाहा की यात्रा में FZ ब्रांड की अहम भूमिका रही है। इस सेगमेंट में हाइब्रिड तकनीक पेश करके हम परफॉर्मेंस को बेहतर बना रहे हैं और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। हमने ग्राहकों की राय को ध्यान में रखते हुए बाइक को और भी बेहतर बनाया है ताकि उन्हें बेहतरीन राइडिंग अनुभव मिल सके। हमारी कोशिश है कि भविष्य में भी यामाहा की बाइक लोगों की पहली पसंद बनी रहे।”

\ये भी पढ़ें- चंडीगढ़ में CM मान ने 8वीं के टॉपर्स से की मुलाकात, भविष्य की सफलता के लिए दीं शुभकामनाएं

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें