नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और उन्हें घटना के जवाब में सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। पीएम मोदी ने गृह मंत्री से दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में हमले के स्थल का दौरा करने और व्यक्तिगत रूप से स्थिति का आकलन करने को भी कहा है। प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे के लिए सउदी अरब पहुंचे हुए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह ने बुलाई हाईलेवल बैठक
हमले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजधानी दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। इस मीटिंग में सेना, खुफिया एजेंसियों (इंटेलिजेंस), गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हमले के बाद की स्थिति की समीक्षा करना, सुरक्षा इंतज़ामों को और पुख्ता करना और भविष्य की रणनीति तय करना है। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि गृह मंत्री अमित शाह कश्मीर दौरे पर भी जा सकते है।
एक की मौत, 12 घायल
इससे पहले दिन में दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में एक पर्यटक की मौत हो गई है जबकि 12 घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, राज्य सरकार ने अभी तक हताहतों या घायलों के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
धर्म पूछा और फिर गोलियां चलाईं
इस आतंकी हमले के कई वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में एक महिला जोर-जोर से रोती हुई मदद की गुहार लगा रही है। वह एक स्थानीय व्यक्ति से कहती है कि आतंकियों ने वहां मौजूद लोगों से उनका धर्म पूछा और फिर गोलियां चलाईं। महिला बताती है, “मैं और मेरे पति वहां बैठकर भेल खा रहे थे। तभी आतंकी आए और बोले कि ये मुस्लिम नहीं लगते, इन्हें गोली मार दो- और मेरे पति को गोली मार दी।”
भाजपा ने हमले की निंदा की
पहलगाम में हुई घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, “पाकिस्तानी आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला किया है। कायर पाकिस्तानी आतंकवादी भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे अर्धसैनिक बलों के बहादुर जवानों का सामना नहीं कर सकते।” उन्होंने कहा कि निहत्थे नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, “इन कायर आतंकवादियों ने कश्मीर घूमने आए निहत्थे, निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया है। कुछ पर्यटकों को घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

