Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘भारतीय सेना ने दुश्मन के इरादे और ठिकाने दोनों तबाह किए’, आदमपुर एयरबेस से गरजे पीएम मोदी

May 13, 2025

‘भारतीय सेना ने दुश्मन के इरादे और ठिकाने दोनों तबाह किए’, आदमपुर एयरबेस से गरजे पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया और भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि “भारत माता की जय” अब सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि हर सैनिक का संकल्प और हर नागरिक की आवाज बन चुका है। पीएम ने कहा कि भारतीय सेना ने दुश्मन के इरादे और ठिकाने दोनों तबाह किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत माता की जय’ मैदान में भी गूंजती है और मिशन में भी। जब हमारे सैनिक यह नारा लगाते हैं, तो दुश्मनों का हौसला टूट जाता है।” उन्होंने बताया कि जब भारतीय ड्रोन दुश्मनों के ठिकानों को ध्वस्त करते हैं, जब मिसाइलें निशाने पर पहुंचती हैं, जब सेना दुश्मनों के दुस्साहस को जवाब देती है, तब पूरा देश एक आवाज में बोलता है: भारत माता की जय। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने सिर्फ आतंकी ठिकानों को नहीं, बल्कि पाकिस्तान के नापाक इरादों और हिम्मत को भी खत्म कर दिया। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि हमारे जवानों ने मिशन को पूरी तरह सफल बनाया और हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र
पीएम मोदी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का मकसद आतंकवादियों को निशाना बनाना था, न कि पाकिस्तानी सेना या आम नागरिकों से लड़ना। यह ऑपरेशन 7 मई को 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे। इस ऑपरेशन में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी शिविर और 11 एयरबेस तबाह किए गए। हवाई, ज़मीनी और समुद्री हमले मिलाकर पूरी तरह से सटीक और संयमित कार्रवाई की गई। लेकिन खास ध्यान रखा गया कि आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे।

पाकिस्तान के झूठों का जवाब
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि पाकिस्तान ने झूठा दावा किया था कि उसने भारत के एयरबेस को नष्ट कर दिया है, लेकिन भारत ने तस्वीरों और कार्रवाई से सच्चाई सामने रख दी। उन्होंने कहा कि अब हर आतंकी संगठन जानता है कि अगर भारत की बेटियों का सिंदूर उजाड़ा गया, तो उसका अंजाम क्या होगा।

ये भी पढ़ें: BSF केंद्र के पास, फिर भी BJP असम में घुसपैठ के लिए कांग्रेस को दोष दे रही: संजय राउत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें