DEHRADUN FOOD POISONING : उत्तराखंड से एक दुखद खबर सामने आई है। जहां, देहरादून जनपद में फूड प्वाइजनिंग की वजह से लगभग 100 से अधिक लोग बीमार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सहारनपुर से सप्लाई हुए कुट्टू के आटे में मिलावट की संभावना से लोगों का स्वास्थ्य खराब हुआ। मामले संबंधी जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना। मिली जानकारी के अनुसार देहरादून के अलग-अलग इलाकों से 100 से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं। इन सभी ने उपवास के दौरान कुट्टू के आटे से बनी पूड़ी और अन्य पकवान खाए थे। खाने के कुछ ही समय बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने लगे।
अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीज
जिन लोगों की तबीयत ज्यादा खराब हुई, उन्हें देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल और दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। फूड प्वाइजनिंग के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
LIVE: कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून में मरीजों का हाल चाल जानते हुए
https://t.co/iy8fiiKiU4— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) March 31, 2025
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने लिया संज्ञान
फूड प्वाइजनिंग की खबर मिलने के बाद पहले स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने अस्पताल का दौरा किया और मरीजों का हालचाल जाना। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी अस्पताल पहुंचे और बीमार लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि अब तक 66 मरीजों को कोरोनेशन अस्पताल और 44 मरीजों को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकार को आशंका है कि बीमार लोगों की संख्या और बढ़ सकती है।
सभी की हालत फिलहाल स्थिर
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बताया कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है और किसी को कोई गंभीर खतरा नहीं है। हालांकि, सरकार इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो। उन्होंने कहा कि जो भी इस मिलावट में शामिल होगा, उसे सख्त सजा दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने जांच के आदेश दिए
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने दुकानों और गोदामों से आटा जब्त किया
जांच के दौरान पता चला कि देहरादून के विकासनगर, पटेलनगर और कोतवाली इलाके के कई स्टोर्स और गोदामों में यह कुट्टू का आटा सप्लाई किया गया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित दुकानों और गोदामों से कुट्टू के आटे को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
देहरादून पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि अगर उन्होंने हाल ही में खरीदा हुआ कुट्टू का आटा इस्तेमाल किया है और उनकी तबीयत खराब हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही, किसी भी तरह की अनियमितता दिखने पर पुलिस को सूचना दें।
कहां से आया जहरीला आटा?
पुलिस जांच में सामने आया है कि विकासनगर के एक ट्रेडर्स ने शिमला बायपास पटेलनगर स्थित अपने गोदाम से कुट्टू का आटा खरीदा था। यही आटा देहरादून के अन्य स्टोर्स और गोदामों में वितरित किया गया था। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह आटा कहीं मिलावटी तो नहीं था।
लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
इस घटना के बाद लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। त्योहारों के दौरान मिलावटी सामान की बिक्री बढ़ जाती है, इसलिए कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता की जांच जरूर करें। अगर किसी भी सामान को खाने के बाद तबीयत खराब होती है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और प्रशासन को जानकारी दें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...