Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में कोविड-19 के 10,093 नए मामले सामने आए, 23 लोगों की मौत

April 16, 2023

भारत में कोविड-19 के 10,093 नए मामले सामने आए, 23 लोगों की मौत

नयी दिल्ली : भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 10,093 नए मामले सामने आए और उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढक़र 57,542 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड-19 से 23 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या बढक़र 5,31,114 पर पहुंच गई।

आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में पांच, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में तीन-तीन, कर्नाटक और महाराष्ट्र में दो-दो तथा हरियाणा, ओडिशा, तमिलनाडु और उत्तराखंड में एक-एक मरीज की मौत हुई है, जबकि केरल ने कोविड-19 से मौत के आंकड़ों का पुन:मिलान करते हुए वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले रोगियों की सूची में चार और नाम जोड़े हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, भारत में संक्रमण की दैनिक दर 5.61 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.78 फीसदी दर्ज की गई है। वहीं, देश में कोविड-19 से अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढक़र 4,48,18,115 हो गई है। मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देश में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या कुल मामलों का 0.13 प्रतिशत है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.68 फीसदी है।

मंत्रालय के मुताबिक, भारत में अब तक कुल 4,42,29,459 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें