Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

Mann Ki Baat : मन की बात कार्यक्रम में इमरजेंसी का जिक्र कर बोले PM Modi, ‘आपातकाल में लोगों को प्रताड़ित किया गया’

June 29, 2025

Mann Ki Baat : मन की बात कार्यक्रम में इमरजेंसी का जिक्र कर बोले PM Modi, ‘आपातकाल में लोगों को प्रताड़ित किया गया’

Mann Ki Baat 123rd Episode : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो शो मन की बात का 123वां एपिसोड जारी हो गया है। पीएम मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के ताज़ा एपिसोड में आपातकाल (Emergency) को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाने वालों ने संविधान की हत्या की और न्यायपालिका (कोर्ट) को भी अपना गुलाम बनाने की कोशिश की थी।

आपातकाल में लोगों पर अत्याचार हुए: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि आपातकाल के समय हजारों लोगों को जेल में डाल दिया गया, और उन पर अत्याचार किए गए। उन्होंने कहा जॉर्ज फर्नांडिस जैसे नेताओं को जंजीरों में बांधा गया। मीसा कानून (MISA – Maintenance of Internal Security Act) के तहत किसी को भी बिना कारण गिरफ्तार किया जाता था। छात्रों और युवाओं को भी परेशान किया गया। अभिव्यक्ति की आज़ादी (Freedom of Speech) को दबा दिया गया।

जनता ने लोकतंत्र की रक्षा की

पीएम मोदी ने कहा कि उस कठिन समय में भी भारत की जनता झुकी नहीं, टूटी नहीं, और लोकतंत्र के लिए डटी रही। अंत में जनता की जीत हुई, और आपातकाल को हटाना पड़ा। जिन्होंने देश पर आपातकाल थोपा था, उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

हमने ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया: पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले आपातकाल के 50 साल पूरे हुए। इस अवसर पर देशवासियों ने ‘संविधान हत्या दिवस’ (Constitution Killing Day) के रूप में इसे याद किया।उन्होंने सभी से अपील की कि हम हमेशा उन लोगों को याद रखें जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई और इससे हमें संविधान की रक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहने की प्रेरणा मिलती है।

योग दिवस की सफलता पर खुशी जताई

पीएम मोदी ने 21 जून को मनाए गए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की चर्चा करते हुए कहा इस बार करोड़ों लोगों ने योग दिवस में हिस्सा लिया। पिछले 10 सालों में योग की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। लोग अपने रोज़मर्रा के जीवन में योग को अपना रहे हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर हो रहा है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा का फिर से आरंभ…

प्रधानमंत्री ने बताया कि लंबे समय के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा दोबारा शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर भगवान शिव का पवित्र धाम है। यह स्थान हिंदू, बौद्ध और जैन धर्म के लोगों के लिए आस्था का केंद्र है। इसके अलावा, 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है और सावन का पवित्र महीना भी जल्द आने वाला है। हाल ही में भगवान जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा भी संपन्न हुई।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें