Site icon Dainik Savera Times

मणिपुर में उग्रवादियों के दो समूहों के बीच गोलीबारी में 13 लोगों की मौत

इंफालः मणिपुर के तेंगनौपाल जिले में सोमवार को उग्रवादियों के दो समूहों के बीच हुई गोलीबारी में कम से कम 13 लोग मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार दोपहर लीथू गांव में हुई। तेंगनौपाल जिले के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘म्यांमा जा रहे उग्रवादियों के एक समूह पर इलाके में दबदबा रखने वाले उग्रवादियों के एक अन्य समूह ने घात लगाकर हमला किया।’’ अधिकारियों के अनुसार, मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों को अब तक 13 शव मिले हैं। मारे गए लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वे स्थानीय नहीं थे। तेंगनौपाल जिले की सीमा म्यांमा से लगती है।

Exit mobile version